
भोपाल। 23 दिन पहले बाइक सवार लुटेरों ने इंदौर के एक किराना व्यापारी से भोपाल में सवा सात लाख रुपए लूटे थे। पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर मंगलवार को मामले का खुलासा कर दिया है। आरोपितों की बाइक के पीछे 'क्यू जल गई' लिखा था। CCTV से मिले इस क्लू के आधार पर पुलिस इन दोनों को पकड़ने में कामयाब हुई। लूट के बाद दोनों बदमाश नागपुर भाग गए थे। जहां दो लाख रुपए उन्होंने मौज-मस्ती में खर्च कर दिए थे। दोनों से लूट के तकरीबन सवा पांच लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं।
शाहजहांनाबाद टीआई शैलेंद्र मुकाती के अनुसार लोकनायक नगर एरोड्रम इंदौर निवासी कैलाश चंद्र श्रीवास्तव (62) किराना व्यापारी हैं। वह 28 जनवरी 2019 को भोपाल से कलेक्शन करने के बाद इंदौर लौटने वाले थे। इसके लिए वह अपने एक साथी के साथ स्कूटर से हलालपुर बस स्टैंड जा रहे थे। रास्ते में भोपाल टॉकीज से लगे कब्रिस्तान के पास एक बाइक पर सवार दो लोगों ने ओवरटेक कर कैलाश को रोका और उनके कंधे टंगा बैग लूटकर फरार हो गए। लूटे गए बैग में करीब 7 लाख 33 हजार 120 रुपए और 3 चेक के हिसाब-किताब की डायरी थी। वारदात के बाद ये दोनों मॉडल ग्राउंड , इस्लामी गेट, बजरिया होते हुए फरार हो गए थे।
इस तरह पकड़ में आए लुटेरे
वारदात के बाद सीएसपी शाहजहांनाबाद नागेंद्र पटेरिया के साथ क्राइम ब्रांच ने घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे थे। इसके बाद पुलिस ने एक बाइक को ट्रेस किया था, जिसके पीछे की नंबर प्लेट पर लिखा था 'क्यों जल गई' । इस क्लू को लेकर मुखबिर तंत्र को अलर्ट किया गया। आखिर मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने आरोपितों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के नाम राजकुमार प्रजापति (22) निवासी आजाद मार्केट और सोनू महावर (19) निवासी नारियलखेड़ा हैं। दोनों से लूट के 5 लाख 39 हजार रुपए, वारदात में इस्तेमाल की गई नीले रंग की बाइक, घटना के समय पहने गए जैकेट, जूते, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किया गया है।
जुए की लत के चलते की लूट
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि उन्होंने जुए की लत के चलते लूट को अंजाम दिया था। लूटे गए दो लाख रुपए उन्होंने नागपुर में जुए और मौज-मस्ती में उड़ा दिए। आरोपित राजकुमार तीन साल से इलाके की किराना दुकानों पर काम कर रहा है, जबकि दूसरा आरोपित सोनू चाय की दुकान पर काम करता है।
आरोपित ने व्यापारी की रेकी की थी
आरोपित राजकुमार पर एक आपराधिक मामला सिलवानी रायसेन में दर्ज है। राजकुमार ने बताया कि उसे पता था कि व्यापारी कैलाश अग्रवाल सोमवार और गुरुवार को भोपाल आते हैं और उनके पास मोटी रकम रहती है। वह शाम पांच बजे ही कैलाश के रुकने से लेकर दुकानों से कलेक्शन करने तक की रेकी कर रहा था। इसके बाद मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
और भी खुलासे होंगे
इंदौर के व्यापारी से हुई लूट का खुलासा कर दिया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कि या है। उनके पास से लूट की रकम भी बरामद की गई है। जल्द और भी खुलासे होंगे- इरशाद वली, डीआईजी