
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों में प्रसारित करने का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा की ओर से मंगलवार को भोपाल के साइबर क्राइम थाने में शिकायत कर कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में भोपाल साइबर क्राइम थाने में पहुंचे पार्टी नेताओं ने शिकायत की कि कांग्रेस नेता पीसी शर्मा द्वारा अपनी सोशल मीडिया आईडी फेसबुक द्वारा वायरल किए गए कूटरचित वीडियो से भाजपा के कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में कांग्रेस से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- MP के बिजली इंजीनियर्स को मिलेगी खुशखबरी... वेतन, पदोन्नति और नियमितीकरण को लेकर प्रमुख सचिव से हुई चर्चा
शिकायत के साथ नितिन नवीन का मूल वीडियो भी संलग्न किया गया है, जिसका दुरुपयोग कर कूटरचित वीडियो तैयार किया गया है, जिससे उनके वक्तव्य का गलत अर्थ निकले और जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के कानूनी एवं विधिक कार्य विभाग के प्रदेश संयोजक सतीश शर्मा, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अशोक विश्वकर्मा भी शामिल रहे।