
भोपाल। अपने विवादित बयानों के जरिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल शहर के कई मंदिरों के बाहर पोस्टर लगे हैं। इन पोस्टरों में दिग्विजय सिंह को मंदिरों में प्रवेश नहीं देने का संदेश लिखा हुआ है। शहर के परशुराम मंदिर, हनुमान मंदिर, साईं मंदिर समेत कई और मंदिरों के बाहर ऐसे पोस्टर चस्पा किए गए हैं। पोस्टर किसने लगाए हैं ये अब तक साफ नहीं हुआ है। लेकिन इससे प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा सकती है।
बता दें कि दो दिन पहले भोपाल में हुए संत समागम में दिग्विजय सिंह ने एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि, पूरे देश में मठ-मंदिरों को राजनीतिक अड्डा बनाए जाने की कोशिशें हो रही हैं। मंदिरों में दुष्कर्म हो रहे हैं। भगवाधारी ही दुष्कर्म कर रहे हैं और चूरण बेच रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि सनातन धर्म को बदनाम करने वालों को ईश्वर माफ नहीं करेगा। हालांकि उनके इस बयान पर काफी बवाल हुआ था। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर संत समागम में दिए गए अपने बयान का बचाव करते हुए लिखा था कि, 'हिंदू संत हमारी सनातन आस्था का प्रतीक हैं। इसीलिए उनसे उच्चतम आचरण की अपेक्षा की जाती है। अगर संत वेश में कोई भी गलत आचरण करता है, तो उसके खिलाफ आवाज उठनी ही चाहिए। सनातन धर्म, जिसका मैं स्वयं पालन करता हूं, उसकी रक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी ही है।
इस बयान के बाद ही भोपाल के मंदिरों के बाहर उनके पोस्टर लगे हुए नजर आए हैं। जिसमें ये कहा गया है कि दिग्विजय सिंह के मंदिरों में एंट्री बैन की जाए।