
-प्री-वेडिंग फोटोशूट के बाद शहर में भी आया प्री-मेटरनिटी फोटोशूट का ट्रेंड
भोपाल। नवदुनिया रिपोर्टर
2011 में जब मलेशियन डेयरी फ्रीसो ने मलेशियाई गर्भवती महिलाओं को अपने लुक्स और बढ़ते पेट के प्रति कॉन्शियसनेस से उबरने में मदद के उद्देश्य से फेसबुक पर जब एक कैम्पेन चलाया था, तब इस कैंपेन में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था। इस कैंपेन के तहत गर्भवती महिलाओं को अपने बेबी बम्प के साथ एक पिक्चर क्लिक कर इसे फ्रीसो के पेज पर अपलोड करना था। मलेशियन सेलिब्रिटी डीजे मम द्वारा इस कैंपेन में सबसे पहले बेबी बम्प वाली तस्वीर अपलोड की थी और इसके बाद तो मलेशियन महिलाओं ने सारे पैमानों और झिझक को दरकिनार कर अपने बेबी बम्प के साथ जमकर इस पेज पर तस्वीरें अपलोड की। हालांकि भारत में अब तक इस तरह का कोई कैंपेन नहीं चलाया गया है, जिसमें आम महिलाओं ने हिस्सा लिया हो। वैसे डिजिटल क्रांति देश में वर्षों पहले ही दस्तक दे चुकी है। हालांकि, हाल ही कुछ सेलिब्रिटीज ने अपने बेबी बम्प्स के साथ तस्वीरें ट्वीट और इंस्टाग्राम पर अपलोड की है। इन्हीं चंद मामलों में से एक नाम करीना कपूर खान द्वारा कराए गए प्री-मेटरनिटी फोटोशूट का भी है। इसी के बाद से गर्भवती महिलाओं में प्री-मेटरनिटी फोटोशूट को लेकर सिटी में क्रेज बढ़ सा गया है।
-खूबसूरत अवस्था यादों के रूप में तस्वीरों में हो जाए कैद
फोटोग्राफर अमित निमाड़े बताते हैं प्री-वेडिंग शूट के ट्रेंड के बाद इन दिनों प्री-मेटरनिटी फोटोशूट का चलन भी काफी बढ़ चुका है। प्री-मेटरनिटी फोटोशूट प्रेग्नेंट महिलाओं की लुक्स को लेकर चिंता पर काबू पाने का सबसे अच्छा विकल्प है। एक नई जिंदगी को जन्म देने वाली किसी भी महिला की यह अवस्था सबसे खूबसूरत होती है। इस अवस्था में हर दिन होने वाले परिवर्तनों को महिलाएं तस्वीरों में कैद करके तो रख ही रही है, ताकि बाद में यही तस्वीरें अपने बच्चों को दिखा सके। साथ ही वे खासतौर पर फोटोशूट भी प्लान कर रही हैं, ताकि बच्चे इन तस्वीरों को देखकर अपनी मां के साथ भावनात्मक जुड़ाव महसूस कर सके। बच्चे की ग्रोथ के साथ बेबी बम्प्स मैच्योर होते जाते हैं, अच्छी बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया को अब महिलाएं तस्वीरों के रूप में कैद कर सकती हैं। इसके लिए होने वाले बेबी के पैरेंट्स पार्क, गार्डन, घर के खूबसूरत कोनों और सिटी की अन्य खूबसूरत लोकेशंस पर अपना फोटोशूट करा रही हैं।
ये हैं फोटोशूट से जु़ड़े कुछ मिथक
- केवल एक सैलिब्रिटी ही इस अवस्था में खूबसूरत दिख सकती है।
- गर्भावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों के चलते महिला में आत्मविश्वास की कमी।
- किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक किरणें गर्भवती महिला को नुकसान पहुंचा सकती है।
ये हैं जानने लायक तथ्य
- सैलिब्रिटी हो या आम महिला, इस अवस्था में हर महिला खूबसूरत ही दिखाई देती है।
- तस्वीरें इस दौरान महिला के शरीर में होने वाले परिवर्तनों को अलग-अलग रूप में परिभाषित करती है।
- प्री-मेटरनिटी फोटोशूट महिलाओं में इस दौरान होने वाले अवसाद को कम कर सकता है।
- पहले ट्राइमस्टर में जब बच्चे के ऑर्गन बन रहे होते हैं केवल तब मां को एक्सरे कराने की मनाही होती है।
- विज्ञान में इस बात के कहीं प्रमाण नहीं कि इस दौरान कैमरे से तस्वीरें लेने से मां या बच्चे के स्वास्थ्य पर कोई नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
- तस्वीरें क्लिक कराने से बच्चे की ग्रोथ पर भी वैज्ञानिक रूप से कोई असर नहीं पड़ता।