
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्री-मानसून गतिविधियों के चलते रविवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मानसून पूर्व हुई इस बारिश से कई जिलों के तापमान में गिरावट हुई।
रविवार सुबह तक नर्मदापुरम में सबसे अधिक 20.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं भोपाल में 11.6 मिलीमीटर, राजगढ़ में 3.0 मिलीमीटर और रायसेन में 2.0 मिलीमीटर वर्षा हुई। पूर्वी हिस्से के उमरिया में रात के समय 2.6 मिलीमीटर और जबलपुर में दिन के समय 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भोपाल में तापमान में आई गिरावट
रात में हुई बारिश के कारण नर्मदापुरम में दिन और रात के तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी भोपाल के न्यूनतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह 21.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान भी 3.5 डिग्री घटकर 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में दिन का औसत तापमान 35.8 से 41.7 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 23.0 से 29.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
खजुराहो और नौगांव में सबसे अधिक गर्मी
प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा। छतरपुर जिले के खजुराहो में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस और नौगांव में 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
कहीं 60 तो कहीं 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार हरदा, सीहोर, देवास और खंडवा में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और गरज-चमक की स्थिति बनी रही। वहीं इंदौर, भोपाल, उज्जैन, सागर और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। शाम के समय बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में भी मौसम बदला रहा।
आज से फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विज्ञानी के अनुसार सोमवार को प्रदेश के निचले पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। अगले चार दिनों में प्रदेश के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 37.0 | 21.6 |
| इंदौर | 38.8 | 25.8 |
| ग्वालियर | 41.6 | 28.6 |
| जबलपुर | 39.4 | 27.6 |
यह भी पढ़ें- जेल में गिरिबाला-समर्थ को VIP ट्रीटमेंट, सुरक्षा प्रभारी डिप्टी जेलर हटाई गईं, 2 बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई तय