भोपाल (राज्य ब्यूरो)। प्रदेश के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र की तरह ही सागर जिले का बीना विकसित होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 सितंबर को बीना रिफाइनरी के पेट्रो केमिकल्स कांप्लेक्स के भूमिपूजन के लिए आ रहे हैं। यह निवेश की दृष्टि से अहम दिन होगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कैबिनेट से पहले मंत्रियों को दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सागर के साथ पड़ोसी जिले विदिशा, गुना और अशोकनगर भी निवेश की दृष्टि से हब बन जाएंगे। लगभग दो लाख करोड़ रुपये के निवेश आ रहे हैं।
बीना रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश है। इससे लगभग तीन लाख रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों के लिए 10 सितंबर को लाड़ली बहना दिवस है। ग्वालियर से सिंगल क्लिक द्वारा लाड़ली बहनों के बैंक खातों में राशि डाली जाएगी। यह योजना नई सामाजिक क्रांति बन गई है।
प्रभारी मंत्री अपने जिलों में इस कार्यक्रम से जुड़ें। उन्होने बताया कि सांची देश की पहली सोलर सिटी है। आइआइटी कानपुर के सहयोग से सांची जीरो नेट की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके लिए अनुबंध भी हुआ है। प्रदेश में पिछले सप्ताह से हो रही वर्षा पर उन्होंने कहा कि कैबिनेट की ओर से महाकाल महाराज के चरणों में प्रणाम करना चाहता हूं।
सच्चे दिल से प्रार्थना की जाए तो वह सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जी-20 की बैठक से भारत का विश्व में सम्मान बढ़ा है। आज वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र विश्व में गुंजायमान है। यह बैठक दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम भी बनेगी।