राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नए कुलगुरु बने प्रो. राजीव त्रिपाठी
प्रो. राजीव त्रिपाठी को आरजीपीवी का नया कुलगुरु बनाया गया है। वह फिलहाल यूपी के प्रयागराज में स्थित मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कुलगुरु के तौर पर उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है।
Publish Date: Fri, 13 Sep 2024 04:34:31 PM (IST)
Updated Date: Sat, 14 Sep 2024 09:24:33 AM (IST)
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (प्रतीकात्मक चित्र)HighLights
- राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 6 माह से रिक्त था कुलगुरु का पद।
- भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद मार्च में तत्कालीन कुलपति ने दिया था इस्तीफा।
- कुलगुरु के तौर पर चार साल के लिए प्रो. त्रिपाठी की नियुक्ति की गई है।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) भोपाल के कुलपति के पद पर प्रो. राजीव त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है। प्रो. त्रिपाठी मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान प्रयागराज में इलेक्ट्रानिक एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर हैं। इनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष का होगा। वह जल्द ही पदभार ग्रहण करेंगे।
बता दें कि करीब छह माह बाद आरजीपीवी को स्थायी कुलगुरु मिला है। आरजीपीवी में करीब छह माह पहले आर्थिक घोटाला होने पर कुलपति प्रो. सुनील कुमार गुप्ता को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उसके बाद आरजीपीवी की डीन डा. रूपम गुप्ता को छह माह के लिए कुलगुरु का कार्यभार सौंपा गया था। इनका कार्यकाल भी छह सितंबर को समाप्त हो गया।
इस दौरान नई नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके तहत राजभवन ने तीन सदस्यीय सर्च कमेटी को कुलगुरु का चयन करने के लिए छह माह का समय निर्धारित किया था। इसके बाद उम्मीदवारों के आवेदनों की छंटनी की गई और उनके साक्षात्कार पूरे किए गए। इसमें पांच उम्मीदवारों का चयन कर पैनल तैयार कर राजभवन भेजा गया था। इसमें चार उम्मीदवार मध्यप्रदेश और एक उत्तर प्रदेश के थे। शुक्रवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कुलगुरु के पद पर प्रो. राजीव त्रिपाठी को नियुक्त करने का आदेश जारी कर दिया।