
भोपाल। व्यापमं घोटाले से जुड़े जिन प्रकरणों में छानबीन पूरी हो चुकी है, उनमें सीबीआई अफसर फायनल रिपोर्ट तैयार करने में जुट गए हैं। सीबीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर आरपी अग्रवाल ने सोमवार को भोपाल आकर सभी मामलों की समीक्षा की। जांच अफसरों से वन टू वन चर्चा कर उन्होंने प्रोग्रेस रिपोर्ट भी पूछी। दोपहर बाद वह पीएचक्यू में डीजीपी सुरेंद्र सिंह सहित कई आला अफसरों से भी मिले। राजधानी के प्रोफेसर्स कालोनी स्थित सीबीआई दफ्तर में समीक्षा बैठक का सिलसिला रात आठ बजे तक चलता रहा।
इस समीक्षा बैठक के लिए सीबीआई के डीआईजी मनीष सिन्हा भी खासतौर पर दिल्ली से भोपाल आए थे। दोनों अधिकारियों ने पीएमटी परीक्षा, भर्ती घोटाले एवं हत्या व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामलों में जांच की स्थिति पूछी और जांच अफसरों का मार्गदर्शन किया। इन मामलों में अधिकारियों को जो कठिनाई आ रही है, उनका भी निराकरण किया। कुछ मसलों पर उन्होंने एक्सपर्ट ओपिनियन लेने की भी राय दी।
पीएचक्यू पहुंचे अग्रवाल
ज्वाइंट डायरेक्टर अग्रवाल ने इस दौरान पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अफसरों से मुलाकात की। राज्य सरकार से जुड़े विभिन्न् मुद्दों पर भी उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की। सीबीआई की भोपाल ब्रांच में पदस्थ बड़े-छोटे अधिकारियों के लिए मकान एवं अन्य सुविधाओं के विचाराधीन मामलों पर शीघ्र निर्णय कराने का आग्रह किया।
शासन के स्तर पर भुगतान संबंधी कुछ प्रकरण अटके हुए हैं। उल्लेखनीय है कि जुलाई 2015 से व्यापमं घोटाले की जांच कर रही सीबीआई को इस महीने अंत तक सभी मामलों की प्रोग्रेस रिपोर्ट दिल्ली मुख्यालय भेजना है। इसके अलावा आठ अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट के सामने सीबीआई स्टेटस रिपोर्ट पेश करेगी। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई पहले टल चुकी है। इसलिए सीबीआई इस बार पूरी तैयारी के साथ अपना पक्ष रखेगी।