'और ले ले प्लाट...' ताना मारकर प्रॉपर्टी डीलर को राड-डंडों से पीटा, भोपाल में खौफनाक हमले के बाद आरोपी फरार
प्रापर्टी डीलर पर लोहे की राड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई है। घायल का भोपाल के न...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 09 Sep 2026 10:11:28 PM (IST)Updated Date: Wed, 09 Sep 2026 10:11:28 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- कार सवार चार लोगों ने प्रापर्टी डीलर को रोककर राड-डंडों से पीटा
- हमले में इंदर सिंह के हाथ-पैर टूटे और सिर में गंभीर चोट आई
- पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों को तलाश रही है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नजीराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम कार सवार चार बदमाशों ने प्रापर्टी डीलर पर लोहे की राड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई है। घायल का भोपाल के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रापर्टी डीलिंग करता है पीड़ित
पुलिस के अनुसार बिजावन खुर्द निवासी इंदर सिंह धन्नालाल (55) खेती-किसानी के साथ प्रापर्टी डीलिंग करते हैं। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह बाइक से रूनाहा होते हुए घर लौट रहे थे। रूनाहा-बागली रोड पर सफेद कार सवार चार लोगों ने उन्हें हाथ देकर रोका और नरसिंहगढ़ जाने का रास्ता पूछा।
अचानक किया हमला
इंदर सिंह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने राड-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उन्होंने कहा- "और प्लाट ले ले।" इसके बाद सभी कार से फरार हो गए। घायल ने एक ग्राम सचिव से प्लाट को लेकर चल रहे विवाद के चलते उस पर हमला कराने का संदेह जताया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।