संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर गुड्स यार्ड बनाने का प्रस्ताव अटका, प्रतीक्षालय भी नहीं बना
पांच साल पहले बना था प्रस्ताव। उसके बाद से स्टेशन का नाम, मंडल क्षेत्र भी बदल गया। गुड्स यार्ड बनाने का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 08 Feb 2022 11:01:43 AM (IST)
Updated Date: Tue, 08 Feb 2022 11:01:43 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। भोपाल रेल मंडल में शामिल संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर गुड्स यार्ड बनाने के प्रस्ताव पर अभी तक अमल नहीं हो सका है। स्टेशन से बड़ी संख्या में पार्सल एवं माल की आवक-जावक होती है। इसी कारण यहां के संगठन इसे गुड्स यार्ड बनाने की मांग कर रहे हैं। पांच साल पहले यह स्टेशन रतलाम रेल मंडल में शामिल था और तब इसका नाम बैरागढ़ स्टेशन हुआ करता था। तब रतलाम रेल मंडल ने इसे गुड्स टर्मिनल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव बनाया था। उस समय माल की आवक-जावक बढ़ गई थी। इस प्रस्ताव पर अमल होता, इससे पहले ही स्टेशन का नाम संत हिरदाराम नगर स्टेशन हो गया। साथ ही रेल मंडल में भी बदलाव हो गया। अब स्टेशन भोपाल मंडल में शामिल हो चुका है। पिछले दिनों विधायक रामेश्वर शर्मा ने संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर गुड्स यार्ड बनाने के संबंध में तत्कालीन रेल मंडल प्रबंधक शोभुन चौधरी से मुलाकात की थी। डीआरएम ने इस मांग पर विचार करने का भरोसा दिलाया, लेकिन अभी तक अमल नहीं हो सका है। विधायक ने सूखी सेवनिया यार्ड को स्टेशन के रूप में विकसित करने के संबंध में भी चर्चा की थी। फिलहाल दोनों प्रस्ताव अधर में हैं।
यात्री प्रतीक्षालय नहीं बन सका
संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर लंबे समय से आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। वर्तमान में प्रतीक्षालय तो बना है, लेकिन वह लगभग 50 साल पुराना है। यात्री यहां प्रवेश तक नहीं करते। इसका रखरखाव भी नहीं हो पा रहा है। रेल सुविधा संघर्ष समिति ने स्टेशन पर नया प्रतीक्षालय बनाने का सुझाव वर्तमान डीआरएम को दिया है। समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी का कहना है कि संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर कई लंबी दूरी की ट्रेनों का स्टापेज है। देर रात को रवाना होने के लिए कई यात्री स्टेशन पहुंचते हैं। अच्छा प्रतीक्षालय नहीं होने से उन्हें परेशान होना पड़ता है।