विदेश में नौकरी ढूंढ रहे लोगों को फर्जी एजेंटों से बचाएगी MP सरकार; भोपाल में POE डेस्क से मिलेगी मदद
इमिग्रेशन चेक रिक्वायर्ड (ईसीआर) श्रेणी वाले पासपोर्ट धारकों को विदेश में नौकरी पर जाने से पहले दस्तावेजों और एम्प्लायमेंट कांट्रैक्ट की जांच कर कानूनी मंजूरी देगा।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 09:45:25 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 09:45:25 AM (IST)
HighLights
- विदेश मंत्रालय के सहयोग से भोपाल में प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स डेस्क बनाने की तैयारी
- दस्तावेज सत्यापन के लिए आवेदकों को मुंबई स्थित पीओई कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा
- नौकरी, रोजगार अनुबंध की जांच और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। विदेश में नौकरी ढूंढ रहे लोगों की सुरक्षा के लिए मध्य प्रदेश में भी प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स (पीओई) डेस्क बनाई जाएगी। राज्य सरकार विदेश मंत्रालय (एमईए) के साथ भोपाल में यह डेस्क बनाने के लिए बातचीत कर रही है। यह डेस्क नौकरी ढूंढने वालों को धोखेबाज भर्ती एजेंटों और शोषण से बचाने में मदद करेगी। वहीं दस्तावेजों के सत्यापन (इमिग्रेशन क्लीयरेंस) के लिए दूसरे राज्यों के चक्कर काटने की मजबूरी भी खत्म होगी।
नहीं लगाने पड़ेंगें पीओई कार्यालय के चक्कर
बता दें, पीओई भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अधीन एक आधिकारिक केंद्र है, जो रोजगार के सिलसिले में विदेश जाने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करती है। मध्य प्रदेश से हर साल हजारों लोग रोजगार के लिए विदेश जाते हैं (जैसे खाड़ी देश आदि), यह डेस्क उनके लिए उपयोगी होगी।
मुंबई जाने की मजबूरी होगी खत्म
अभी तक मध्य प्रदेश के आवेदकों को इमिग्रेशन क्लीयरेंस, दस्तावेज सत्यापन और कानूनी मदद के लिए मुंबई स्थित पीओई कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे उनका समय और धन लगता है।
रिकॉर्ड और सुरक्षा की निगरानी करना आसान
स्थानीय कार्यालय न होने के कारण युवा अकसर अनधिकृत और फर्जी रिक्रूटमेंट एजेंटों के झांसे में आ जाते हैं। ये एजेंट भारी रकम वसूलते हैं और कई बार उन्हें गलत वीजा (जैसे टूरिस्ट वीजा) पर भेजकर विदेश में फंसा देते हैं। विदेश जाने वाली महिला श्रमिकों के शोषण का खतरा अधिक रहता है। स्थानीय डेस्क होने से उनके रिकॉर्ड और सुरक्षा की निगरानी करना आसान होगा।
इस डेस्क की प्रमुख विशेषताएं और कार्य
- डेस्क सुनिश्चित करेगी कि आवेदक विदेश मंत्रालय द्वारा पंजीकृत एजेंटों के माध्यम से ही विदेश जाएं।
- इमिग्रेशन चेक रिक्वायर्ड (ईसीआर) श्रेणी वाले पासपोर्ट धारकों को विदेश में नौकरी पर जाने से पहले दस्तावेजों और एम्प्लायमेंट कांट्रैक्ट की जांच कर कानूनी मंजूरी देगा।
- कोई एजेंट तय शुल्क (अधिकतम तीन हजार जीएसटी अतिरिक्त) से अधिक रुपये मांगता है या विदेश में किसी कर्मचारी के साथ धोखाधड़ी होती है, तो पीड़ित या उसका परिवार सीधे भोपाल में शिकायत दर्ज करा सकेगा।
- विदेश जाने से पहले कामगारों को वहां के कानून, संस्कृति, कार्यस्थल के नियमों और भारतीय दूतावास की हेल्पलाइन की सही जानकारी दी जाएगी