
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कांग्रेस युवाओं के बीच काम करने वाले संगठनों का भी साथ ले रही है। मालवा-निमाड़ अंचल में आदिवासियों के बीच काम करने वाला जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) क्षेत्र के युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए छात्रावासों में दस्तक देगा।
इसके प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हिरालाल अलावा धार जिले की मनावर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक भी हैं। जयस ने 15 सितंबर को इंदौर में अपने कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है, जिसमें युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इनमें से कुछ विषय राहुल गांधी के सामने रखे जाएंगे।
डा. अलावा का कहना है कि छात्रों की गूंज गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। इसमें युवाओं को क्यूआर कोड से प्रवेश मिलेगा। जिन मुद्दों को लेकर यह आयोजन किया जा रहा है, वही विषय जयस लंबे समय से उठाता आ रहा है। प्रदेश में एसटी वर्ग के एक लाख से अधिक पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने के लिए वर्षों से विशेष भर्ती अभियान संचालित किए जा रहे हैं लेकिन रिक्तता बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- सीधी में हैवानियत... चोरी के शक में नाबालिग को पिलर से बांधकर पीटा, पैर पकड़कर गिड़गिड़ाता रहा बच्चा, वीडियो वायरल
यही स्थिति सिविल जज के पदों को लेकर भी है। छात्रावासों के हाल बेहाल हैं। छात्रवृत्तियां सालों लंबित रहती हैं। 21 प्रतिशत एसटी आबादी होने के बाद भी भर्ती में आरक्षण पांच-सात प्रतिशत से अधिक नहीं मिल पा रहा है। यही कारण है कि शासकीय सेवा में हमारा प्रतिनिधित्व तुलनात्मक रूप से कम है।
छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से हमारी बातें उठाने की कोशिश की जाएगी। सूत्रों का दावा है कि जयस से जुड़े युवाओं को कार्यक्रम में बैठने के लिए अलग से स्थान मिलेगा। राहुल गांधी इनसे संवाद भी करेंगे।