27% OBC आरक्षण के लिए राहुल गांधी का CM मोहन यादव को पत्र: लिखा - 'छात्रों की आवाज सुनें, 13% रुकी नियुक्तियां तुरंत दें'
राहुल ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र लिखकर छात्र व युवाओं की आवाज सुनने व 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग की है।
Publish Date: Wed, 23 Sep 2026 08:55:40 PM (IST)Updated Date: Wed, 23 Sep 2026 08:55:40 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा
- 13 प्रतिशत पदों पर रुकी नियुक्तियां तुरंत देने और 2022 से चयनित अभ्यर्थियों की बात सुनने की मांग
- इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं ने शिक्षा, रोजगार और आरक्षण से जुड़े मुद्दे उठाए थे
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का प्रविधान तत्कालीन कांग्रेस सरकार में लागू होने के बाद मामला न्यायालय में है। 13 प्रतिशत पद अभी भी रोककर रखे गए हैं। यह मामला इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सामने आया था।
अब राहुल ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र लिखकर छात्र व युवाओं की आवाज सुनने व 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग की है।
पत्र में नियुक्तियों का मुद्दा भी शामिल
उन्होंने पत्र में कहा कि इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के अनेक छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए। इनमें ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से रुकी हुई नियुक्तियों के कारण वे लगातार अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।
आरक्षण को दिया समर्थन
इन युवाओं ने परीक्षा पास कर सारी प्रक्रिया पूरी कर ली है, फिर भी 13 प्रतिशत पदों को रोककर रखा गया है। चयनित अभ्यर्थी 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। जबकि, सभी दलों ने सर्वसम्मति से 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को समर्थन दिया था, फिर भी इस मुद्दे का समाधान अब तक नहीं हुआ है।
इसी देरी के कारण अभ्यर्थी आरक्षण के क्रियान्वयन और अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। सभी छात्र पीड़ा में हैं। इन युवाओं का कीमती समय अब और बर्बाद नहीं होना चाहिए। उनकी बात सुनिए और 27 प्रतिशत आरक्षण लागू कीजिए।