Railway News: कोहरे ने थामी ट्रेनों की रफ्तार, वंदे भारत एक्सप्रेस 12 घंटे से ज्यादा लेट, भोपाल से जाने वाला रैक 9.20 घंटा री-शेड्यूल
शताब्दी एक्सप्रेस एक घंटे और भोपाल एक्सप्रेस चार घंटे देरी से पहुंच रही भोपाल।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 02 Jan 2024 02:01:49 PM (IST)
Updated Date: Tue, 02 Jan 2024 03:20:26 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- तेलंगाना एक्सप्रेस 12 घंटे देरी से चल रही है।
- एपी एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से चल रही है।
- केरला एक्सप्रेस 8 घंटे देरी से चल रही है।
भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। दिल्ली की ओर से भोपाल आने वाली लगभग आधा दर्जन ट्रेनें मंगलवार को अपने निर्धारित समय से चार से आठ घंटे देरी से भोपाल पहुंच रही हैं। यह स्थिति दिल्ली से भोपाल रेल मार्ग के बीच घना कोहरा पड़ने की वजह से बन रही है। दिल्ली से भोपाल की यात्रा को कम समय में पूरा करने के लिए देश की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाया जा रहा है। लेकिन हजरत निजामुद्दीन से चलकर रानी कमलापति स्टेशन आने वाली ट्रेन संख्या 20172 वंदे भारत एक्सप्रेस 12 घंटे देरी से चल रही है। वंदे भारत सोमवार की रात 10.16 बजे रानी कमलपति स्टेशन पर पहुंचे की जगह मंगलवार की दोपहर 12 बजे तक रानी कमलापति स्टेशन नहीं पहुंची थी। इसके कारण ट्रेन संख्या 20171 रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत अपने निर्धारित समय सुबह 5.40 बजे से 9.20 घंटे देरी से री-शेड्यूल होकर रानी कमलापति स्टेशन से 3 बजे गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
अन्य ट्रेनें भी देरी से चल रहीं
इसी तरह नई दिल्ली से रानी कमलापति स्टेशन आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से चल रही है। शताब्दी एक्सप्रेस लगातार एक सप्ताह से तीन से चार घंटे देरी से भोपाल आ रही है। इसके अलावा भोपाल एक्सप्रेस भी चार घंटे देरी से भोपाल स्टेशन पहुंची।
दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की स्थिति
12156 भोपाल एक्सप्रेस 4 घंटे देरी से भोपाल स्टेशन पहुंची।
12622 तमिलनाडु एक्सप्रेस 4 घंटे देरी से भोपाल पहुंची।
20806 एपी एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से चल रही है।
12724 तेलंगाना एक्सप्रेस 12 घंटे देरी से चल रही है।
12626 केरला एक्सप्रेस 8 घंटे देरी से चल रही है।