भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। तेज वर्षा का असर ट्रेनों की रफ्तार पर भी पड़ा है। भोपाल रेल मंडल को ट्रेनों की गति 130 से घटाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा करनी पड़ी है। यह गति सीमा केवल तीन रेलखंड औबेदुल्लागंज से बरखेड़ा, बरखेड़ा से बुदनी और दीवानगंज से सलामतपुर के बीच की है। इसकी वजह से ट्रेनों की गति प्रभावित हुई है। बाकी रेलखंडों में ट्रेनें अपनी तय गति से ही दौड़ रही है। वहीं दूसरे मंडलों से आने वाली ट्रेनें भी वर्षा की वजह से भोपाल व रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर देरी से पहुंच रही हैं। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए मंडल में ट्रेनों की गति सीमा कम की है, जैसे ही वर्षा बंद हो जाएगी तो ट्रेनें उक्त तीनों रेलखंडों में अपनी निर्धारित गति से चलने लगेंगी।
बता दें कि सोमवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मुंबई की ओर से आने वाली वाली ट्रेनें घंटों देरी से स्टेशनों पर पहुंची हैं। इनमें कुछ ट्रेनें 30 मिनट की देरी से आई तो अमरकंटक एक्सप्रेस 8 घंटे की देरी से भोपाल पहुंची है। यह ट्रेन दुर्ग से चली थी, जिसे सुबह करीब 10.30 बजे भोपाल पहुंचना था लेकिन यह आठ घंटे की देरी से पहुंची। इस ट्रेन को दुर्ग के लिए चार बजे रवाना करना था लेकिन 3:30 घंटे की देरी से शाम 7:30 बजे चलाया गया है।
ये ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं भोपाल व रानी कमलापति स्टेशन
12156 भोपाल एक्सप्रेस, 1.25 घंटे
12920 मालवा एक्सप्रेस, 3.40 घंटे
12138 पंजाब मेल, 3.00 घंटे
12191 श्रीधाम एक्सप्रेस, 0.30 घंटे
12626 केरला एक्सप्रेस, 2.25 घंटे
18237 छतीसगढ़ एक्सप्रेस, 2.25 घंटे
12807 समता एक्सप्रेस, 3:50 घंटे
11071 कामायनी एक्सप्रेस, 0.40 घंटे
11077 झेलम एक्सप्रेस, 0.40 घंटे
12715 सचखंड एक्सप्रेस, 1.10 घंटे
12722 दक्षिण एक्सप्रेस, 1.00 घंटे
12622 तमिलनाडु एक्सप्रेस, 1.10 घंटे