नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार और शनिवार को हुई भारी वर्षा का जनजीवन प्रभावित हुआ। उज्जैन और बड़वानी जिलों के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बन गई। सड़कों और नालों पर तेज बहाव के साथ पानी जानलेवा भी साबित हुआ। एक युवक की मौत हो गई। हालात यह थे कि जल भराव में वाहन सड़कों पर बहते नजर आ रहे थे। करीब 10 से ज्यादा वाहन तो तेज बहाव के साथ बह गए।
उज्जैन के खाचरौद कस्बा में शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे से शुरू होकर दो घंटे में हुई करीब पांच इंच वर्षा लोगों के लिए मुश्किलें लेकर आई। भाटखेड़ी रेलवे क्रासिंग के नीचे पुलिया में पानी के तेज बहाव में बहने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक दिनेश नायमा की कार तेज बहाव में बहने लगी तो वह उसे रोकने के लिए रस्सी बांधने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आ गया। उसका शव पुलिया से दूर मिला।
वहीं, इसी पुलिया में अधिक पानी भर जाने से एक अन्य कार डूब गई। इसमें सवार चालक ने स्वयं को बमुश्किल बचाया। भारी जलभराव से करीब नौ घंटे तक यह मार्ग बंद रहा। थोक सब्जी मंडी वाले नाले की पुलिया की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। अन्य क्षेत्रों में खड़े दो व चार पहिया वाहन भी पानी में डूब गए।
ये भी पढ़ें- Indore में फिर जन्मी अनोखी बच्ची... नवजात के दो सिर, चार हाथ और दो दिल, डॉक्टर भी हैं हैरान
इसी तरह, बड़वानी जिले के राजपुर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार तड़के करीब चार बजे तेज वर्षा से रूपा नदी में बाढ़ आ गई। इससे तटीय क्षेत्रों के मकानों व दुकानों में पानी घुस गया। नदी-नाले लबालब लो गए। चार कारें नदी के बहाव में बह गईं। ओझर और बालसमुद क्षेत्र में नाले में बाढ़ आने से समीप के खेतों से पानी बह निकला। इंद्रपुर में खेतों में खड़ी फसलें डूब गईं।
वहीं, खरगोन के झिरन्या क्षेत्र में तेज वर्षा से नदी-नालों में बाढ़ आ गई। शनिवार शाम करीब छह बजे रूपारेल नदी की पुलिया पर तेज बहाव के बाद निकलते समय 27 वर्षीय कालू निवासी झिरन्या बह गया। वह गांव लौट रहा था। युवक का पता नहीं चल पाया है। शनिवार सुबह करीब सात बजे से करीब एक घंटे तक झिरन्या-खंडवा मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।