
भोपाल। राम वनगमन पथ यात्रा को मंगलवार की रात डिंडौरी जिले की शहपुरा पुलिस द्वारा रोककर रथ को जब्त कर थाने में खड़ा करने का कांग्रेस ने विरोध किया है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग ने आरोप लगाया है कि भाजपा के दबाव में पुलिस ने इस धार्मिक यात्रा को रोका है। इससे प्रदेश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा, उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता व अभय दुबे ने बुधवार को संयुक्त रूप से पत्रकारवार्ता में बताया कि पुराने लंका आश्रम चित्रकूट धाम के प्रमुख ट्रस्टी पंडित हरिशंकर शुक्ल द्वारा यह धार्मिक यात्रा निकाली जा रही थी।
जब उनसे पूछा गया कि यात्रा कांग्रेस की थी या नहीं, तो वे सवाल को टाल गए। उन्होंने कहा कि नौ दिन पहले चित्रकूट से शुरू हुई रथ यात्रा को नौ सितंबर की रात के पहले कहीं किसी ने नहीं रोका। इस बीच कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई मगर शहपुरा में पीपुल्स रिप्रेजेंटेशन एक्ट की धारा 123, 125 व आईपीसी की धारा 188 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा अब भगवान राम से भी राजनीतिक प्रतिशोध लेना चाहती है।