
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पितृपक्ष, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति स्टेशन से गया, रीवा और दानापुर के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों से भोपाल और आसपास के यात्रियों को त्योहारों पर घर जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ कम होने की उम्मीद है।
गया के लिए पितृपक्ष स्पेशल के तीन फेरे रानी कमलापति–गया स्पेशल 27 सितंबर, 2 और 7 अक्टूबर को चलेगी। वापसी में गया-रानी कमलापति ट्रेन 30 सितंबर, 5 और 10 अक्टूबर को संचालित होगी। इससे गया में पितृपक्ष के दौरान धार्मिक अनुष्ठान करने जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।
रीवा और दानापुर के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनें रानी कमलापति-रीवा पूजा स्पेशल के चार-चार फेरे 17, 24 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर को होंगे। वहीं रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। वापसी में यह ट्रेन मंगलवार और शनिवार को संचालित होगी। इन ट्रेनों से विदिशा, बीना, सागर, जबलपुर, सतना, प्रयागराज और बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर से सिंगरौली और रीवा सहित अन्य शहरों के लिए चलेंगी सरकारी नियंत्रण वाली लग्जरी बसें