
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में स्कूली शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद राज्य में जल्द ही लगभग 10,000 नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के जीर्ण-शीर्ण स्कूलों के पुनर्निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भी खाका तैयार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान नई शिक्षक भर्ती और रिक्त पदों की संख्या को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। वर्तमान में चल रही शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया और मार्च 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के पदों का आकलन किया जा रहा है। प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होने वाली सभी रिक्तियों को जोड़कर एक व्यापक भर्ती प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिसके बाद प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होगी।
राज्य के लगभग 90,000 स्कूलों में से करीब 700 विद्यालय पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। सरकार ने अगले दो वर्षों के भीतर इन स्थानों पर नए और आधुनिक भवनों का निर्माण करने का लक्ष्य रखा है। जिन लगभग 3,000 स्कूलों में मरम्मत या अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता है, उनके निर्माण के लिए क्लस्टर प्रणाली अपनाने पर विचार किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी बेहतर बनी रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों की चारदीवारी (बाउंड्रीवॉल) का जिम्मा पंचायतों को और पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी पीएचई (PHE) विभाग को सौंपी जा सकती है। वहीं, शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकायों के माध्यम से चारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। इन सभी प्रस्तावों और कार्ययोजनाओं को लेकर विभाग स्तर पर अंतिम निर्णय जल्द ही लिए जाने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधोसंरचना को मजबूती मिल सके।