CM से गुहार के बाद भी 17 करोड़ की सड़कें अधूरी; भोपाल के बागमुगालिया में पोस्टर लगाकर प्रदर्शन
शिकायत के बावजूद काम शुरू नहीं होने पर कॉलोनी विकास समिति ने विरोध जताया। रहवासियों ने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री और क्षेत्रीय विधायक से जल्द डामरीकरण कराने की मांग की है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 01:18:22 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 01:18:22 PM (IST)
सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन करते बागमुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी के रहवासी। सौजन्य- रहवासीHighLights
- बागमुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी में अधूरी सड़कें
- खोदी गई सड़कों पर अब तक डामर नहीं बिछाया गया
- 17 करोड़ रुपये से होना है सड़क निर्माण
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बागमुगालिया एक्सटेंशन कालोनी में सड़क निर्माण के लिए खोदी गईं सड़कें एक महीने से डामरीकरण का इंतजार कर रही हैं। टेंडर जारी होने के बाद निर्माण एजेंसी ने सड़कों की खोदाई कर गिट्टी डाल दी थी, लेकिन करीब माह बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है।
इस कारण दोपहिया वाहन चालक फिसल रहे हैं। वहीं, वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
रहवासियों ने किया प्रदर्शन
बार-बार शिकायत के बावजूद काम शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। इसको लेकर रहवासियों ने हाथों में पोस्टर लेकर रविवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
बागमुगालिया एक्सटेंशन कालोनी विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि करीब 85 एकड़ में फैली इस कालोनी में सड़कों के निर्माण के लिए अप्रैल में 17 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया था।
नहीं की गई मरम्मत
योजना के तहत आधी सड़कों का सीमेंट कांक्रीटीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष सड़कों पर डामरीकरण होना है। इसके लिए करीब एक महीने पहले सड़कें खोदी गई थीं, लेकिन अब तक डामर नहीं बिछाया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर डामर की कमी और कीमत बढ़ने का हवाला दिया जा रहा है।
सीएम से की मांग
रहवासियों का कहना है कि गिट्टी पर वाहनों के फिसलने की शिकायत पर धूल डालकर रोलर चला दिया जाता है, लेकिन एक-दो दिन बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। समिति ने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री और क्षेत्रीय विधायक से जल्द डामरीकरण कराने की मांग की है।