
नईदुनिया प्रतिनिधि, संत हिरदाराम नगर। पंजाब नेशनल बैंक रोड एवं आसपास की बदहाल सड़कों से परेशान रहवासियों ने अब अपनी समस्या गणपति बप्पा के दरबार में पहुंचाई है। हरी हृदय सेवा समिति द्वारा गणेश उत्सव के अवसर पर गणपति बप्पा को ज्ञापन अर्पित कर सड़क का निर्माण जल्द कराने की अर्जी लगाई गई। रहवासियों का कहना है कि करीब 15 वर्षों से सड़क की हालत खराब है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। समिति के अध्यक्ष जीतेश दीनानी के अनुसार वर्षा के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी खराब हो जाती है। आवाजाही में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वाहन चालकों के लिए यह सड़क हादसों का कारण बन रही है। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
रहवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से मांग की जा चुकी है। यहां तक कि महापौर, विधायक और पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों तक समस्या के समाधान की अर्जी पहुंचाई जा चुकी है। इसके बावजूद सड़क निर्माण का इंतजार खत्म नहीं हुआ।
सड़क निर्माण के लिए तीन बार भूमिपूजन हो चुका है, लेकिन अभी तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। इसी को लेकर समिति के सदस्यों और रहवासियों ने गणपति बप्पा के समक्ष अपनी मांग रखी और जल्द सड़क निर्माण की उम्मीद जताई। रहवासियों ने तख्तियों पर लिखा कि गणपति बप्पा मोरया नेताओं ने काम नहीं होरिया। रहवासियों ने जनप्रतिनिधियों से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।