
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र में बिजली बिल अपडेट कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी के खाते से 2.55 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपित ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर पहले पीड़ित का विश्वास जीता, फिर वाट्सएप पर लिंक भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था
पुलिस के अनुसार बगली रोड स्थित ईस्टर्न काउंटी कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय धनराज नंदनबार बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि दो जुलाई को उनके वाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया, जिसमें बिजली बिल अपडेट नहीं होने पर कनेक्शन काटने की बात कही गई थी। साथ ही संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था।
ऑनलाइन भुगतान करने की भी बात कही गई
धनराज ने दिए गए नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने बिजली कनेक्शन और बिल से जुड़ी जानकारी बताकर उनका भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने वाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसे डाउनलोड कर आवश्यक जानकारी भरने के लिए कहा। प्रक्रिया पूरी करने के लिए 12 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने की भी बात कही गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
भुगतान के दौरान डेबिट कार्ड की गोपनीय जानकारी मांगे जाने पर धनराज को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत कॉल काट दिया और मोबाइल बंद कर दिया। हालांकि अगले दिन जब उन्होंने मोबाइल चालू कर पेटीएम के माध्यम से बैंक खाते का बैलेंस जांचा तो पता चला कि अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल 2.55 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। पीड़ित का आरोप है कि लिंक डाउनलोड कराने के बहाने साइबर ठग ने उनके मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- मप्र की नगरीय निकायों में 756 एल्डरमैनों की नियुक्ति अधिसूचित, भोपाल-इंदौर की सूची अटकी