
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अवधपुरी के न्यू श्रीराम परिसर में 71 वर्षीय रिटायर्ड खनिज अधिकारी मोहन चौधरी के घर हुई वारदात में पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार दिनदहाड़े बुजुर्ग पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर लूट की कोशिश की गई। पुलिस ने रात दो बजे तक घर के बाहर पहरा दिया, लेकिन इसके बावजूद रात में बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए। शनिवार सुबह अस्पताल से लौटे स्वजन को ताले टूटे मिले।
परिवार ने नकदी चोरी होने की शिकायत भी की है। एक ही घर में 24 घंटे के भीतर दो वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर, पुलिस ने दिनदहाड़े हुए हमले की साजिश का पर्दाफाश कर केयर टेकर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुजुर्ग की बीमार पत्नी की देखभाल करने वाली 24 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी और उसके दो दोस्तों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार मोहन चौधरी पन्ना डायमंड प्रोजेक्ट से सेवानिवृत्त हैं। वह पत्नी कमला और बेटे आनंद के साथ न्यू श्रीराम परिसर फेस-3 में रहते हैं। केयर टेकर ने करीब दस दिन पहले अपने प्रेमी आमिर शाह (23), रवि यादव (22) और विष्णु गौर (22) के साथ वॉट्सएप कान्फ्रेंस काल पर लूट की साजिश रची थी। पहले प्लान के तहत बेटे आनंद के घर से बाहर जाने के बाद बुजुर्ग दंपती को बेहोश कर लूटने की तैयारी थी, लेकिन यह योजना सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद आरोपितों ने दूसरा प्लान बनाया। शुक्रवार को महिला केयर टेकर की आमिर से रेलवे स्टेशन पर मुलाकात हुई थी। सुबह घर का गेट खुला देखकर आमिर, रवि और विष्णु अंदर घुस गए। तीनों नकाबपोश थे। उन्होंने मोहन चौधरी पर हथौड़े से हमला कर दिया।
हमले के दौरान मोहन चौधरी ने विरोध करते हुए एक आरोपित से हथौड़ा छीन लिया और उस पर वार कर दिया। इससे आरोपित घायल हो गया। इसके बावजूद बदमाशों ने बुजुर्ग के सिर पर कई वार किए। शोर सुनकर पड़ोसियों के पहुंचने की आहट मिलते ही बाईक पर इंतजार कर रहा एक साथी उन्हें छोड़कर भाग निकला तो अन्य दोनों आरोपित छतों के रास्ते से कालोनी से भाग निकले। बाद में कैब बुक कर फरार हो गए। अवधपुरी पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने लूट के प्रयास समेत अन्य धाराओं का इजाफा किया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में केयर टेकर की गला दबाकर हत्या, कलाई काटकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
जांच के दौरान पुलिस को केयर टेकर के बार-बार बयान बदलने पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ में उसने साजिश स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके साथ आमिर शाह निवासी टिमरनी (हरदा), विष्णु गौर निवासी उमरावगंज (रायसेन) और रवि यादव निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया है।
विष्णु खेती करता है, जबकि रवि एमपी नगर के एक हॉस्टल में रहकर क्रिकेट की कोचिंग ले रहा था। हालांकि, हमले के आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद उसी घर में रात के समय हुई चोरी की शिकायत ने पुलिस की निगरानी पर नया सवाल खड़ा कर दिया है।