
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गर्मी की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा चलाई जा रही गाड़ी संख्या 02158/02157 रीवा-चारलापल्ली-रीवा साप्ताहिक सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन भोपाल और आसपास के यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इस ट्रेन का पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों बीना, रानी कमलापति और इटारसी पर ठहराव होने से राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश के हजारों यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा में सीधा लाभ मिलेगा।
अब भोपाल और आसपास के यात्रियों को तेलंगाना क्षेत्र तक जाने के लिए अतिरिक्त ट्रेन बदलने की परेशानी कम होगी। रानी कमलापति स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव से यात्री सीधे चारलापल्ली तक सफर कर सकेंगे। चारलापल्ली हैदराबाद क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन माना जाता है, ऐसे में नौकरी, शिक्षा, व्यापार और पर्यटन के उद्देश्य से यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
बीना और इटारसी दोनों ही पश्चिम मध्य रेलवे के महत्वपूर्ण जंक्शन हैं। इन स्टेशनों पर ट्रेन रुकने से बुंदेलखंड, मालवा और नर्मदापुरम संभाग के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इटारसी जंक्शन से बड़ी संख्या में यात्री महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करते हैं। समर स्पेशल ट्रेन के संचालन से नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली वेटिंग और भीड़ का दबाव भी कम होगा।
गाड़ी संख्या 02158 रीवा-चारलापल्ली साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन सात से 28 जून तक प्रत्येक रविवार रीवा से चलेगी। यह ट्रेन बीना स्टेशन पर शाम 7:35 बजे, रानी कमलापति स्टेशन पर रात 9:40 बजे और इटारसी स्टेशन पर रात 11:05 बजे पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 02157 चारलापल्ली-रीवा साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन आठ से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार चलेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:30 बजे इटारसी, सुबह 8:00 बजे रानी कमलापति और 11:40 बजे बीना स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में सामान्य, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी सहित कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी एनटीईएस, रेल मदद 139 या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें।