
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एयरपोर्ट रोड स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में पानी और बिजली की समस्या को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार शाम चंद्रशेखर हॉस्टल के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र गेट पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय तक बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में पिछले कई दिनों से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। पीने के पानी तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और कई छात्र दो-तीन दिन से नहाए तक नहीं हैं। साथ ही बिजली कटौती की समस्या भी लगातार बनी हुई है।
छात्र आर्यमन देशमुख ने बताया कि परीक्षा के दौरान भी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। छात्रों का कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थायी समाधान नहीं किया। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने तक विरोध जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर में गंभीर जलसंकट... 35 लाख आबादी प्यासी, 60% बोरिंग सूखे, अब 3 साल तक टैंकरों के भरोसे रहेगा स्वच्छता का सरताज