
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में मेट्रो निर्माण के लिए सड़कों के बीचोंबीच बेरिकेड्स के दोनों ओर जर्जर सड़कों ने वाहन चालकों की मुश्किल बढ़ा दी है। वहीं, सड़क के बीच मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए की गई बेरिकेडिंग से रास्ता संकरा हो गया है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा होने से बस और लोडिंग वाहन फंसने की स्थिति बन रही है।
कांग्रेस ने इससे जुड़ा वीडियो जारी कर निर्माण और सड़क व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता अभिनव बारोलिया ने वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि रायसेन रोड पर रोजाना 15 से 20 वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं। सुभाषनगर चौराहे से रत्नागिरी तक जगह-जगह सड़क उखड़ी हुई है।
यह भी पढ़ें- बैरागढ़ एलिवेटेड ब्रिज पर विधायक ने दिखाई खामियां, PWD मंत्री ने लगाई फटकार, निर्माण एजेंसी पर 20 लाख का जुर्माना
उनका कहना है कि कैरियर कॉलेज से रत्नागिरी के बीच कई हिस्सों में सड़क की स्थिति खराब है। एक ओर मेट्रो निर्माण के लिए बेरिकेड्स लगे हैं, दूसरी ओर जर्जर सड़क के कारण वाहनों को निकलने के लिए सीमित जगह मिल रही है। कांग्रेस का दावा है कि बारिश के बाद रायसेन रोड पर हालात ज्यादा खराब हो गए हैं और रोजाना कई वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं।