
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। कृषि उपज मंडी रायसेन में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बदमाशों ने एक वारदात को अंजाम देते हुए गल्ला व्यापारी की फर्म में लूटपाट की। बदमाशों ने फर्म में सो रहे मुनीम को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की और ईंट से सिर तथा चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में मुनीम पदम सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी एक आंख को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचा है।
वारदात के बाद आरोपी फर्म में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मुनीम को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। मंडी परिसर में हुई इस वारदात से व्यापारियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
गल्ला व्यापारी मनोज राठौर के मुताबिक, पदम सिंह रोजाना की तरह मंडी परिसर स्थित उनकी फर्म में रात को सो रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब वे फर्म पहुंचे तो काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद गेट नहीं खुला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो पदम सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा कमरे में जगह-जगह खून फैला हुआ था। मुनीम की हालत देखकर व्यापारी के होश उड़ गए। तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश मंडी परिसर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने कांच तोड़कर उस कमरे तक पहुंच बनाई, जहां मुनीम नकदी के साथ सो रहे थे। आरोपियों ने पदम सिंह को बंधक बनाया और उनके साथ मारपीट करते हुए ईंट से सिर और चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद कमरे में रखी नकदी लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, बदमाशों की संख्या, लूटी गई रकम और वारदात को अंजाम देने में लगे समय को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी एसपी दीपक नायक और एसडीओपी आकांक्षा तलैया सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फर्म के कमरे, टूटे कांच और आसपास के हिस्सों का बारीकी से मुआयना किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की कोशिश
पुलिस मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। एएसपी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर वारदात से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बीजापुर में झूठी निकली 2 करोड़ की लूट की कहानी, 100 से ज्यादा CCTV की जांच और 16 घंटे हुई नाकेबंदी
व्यापारियों में आक्रोश, मंडी की सुरक्षा पर उठे सवाल
मंडी परिसर में व्यापारी की फर्म के भीतर घुसकर मुनीम को बंधक बनाने, बेरहमी से हमला करने और नकदी लूटने की घटना ने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और हम्माल मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों में घटना को लेकर चिंता और आक्रोश देखा गया।
अब व्यापारियों के सामने मंडी परिसर में रात के समय सुरक्षा, निगरानी और चौकसी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस लूटी गई नकदी की वास्तविक राशि का पता लगा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बदमाशों को फर्म में रखी नकदी और मुनीम के वहां सोने की जानकारी पहले से थी या नहीं।
गंभीर रूप से घायल पदम सिंह का भोपाल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।