
भोपाल (ब्यूरो)। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर मंगलवार रात साढ़े नौ बजे अरेरा हिल्स स्थित पुरानी जेल पहुंची। यहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। स्ट्रांग रूम तक गई और बाहर आकर मीडिया से कहा कि वे ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। हालांकि उनकी आवाज नहीं निकल पा रही थी, इसलिए उनकी तरफ से भाजपा नेता उमाशंकर गुप्ता ने यह बयान दिया।
उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह का मानना है कि चुनाव मैनेजमेंट से जीते जाते हैं इसलिए कुछ भी हो सकता है। हमारा भविष्य भी ईवीएम में कैद है और वो यहां रखा हुआ है इसलिए हम निरीक्षण करने पहुंचे। यहां देखने के बाद लगा कि सुरक्षा और मजबूत होनी चाहिए। इसकी शिकायत वे बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से लिखित में करेंगी। हालांकि हल्की जवान में उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के जवान बाहर क्यों पहरा नहीं दे रहे हैं। यहां भी सीआरपीएफ सहित अन्य सुरक्षा एजेंसी के लोग तैनात किए जाने चाहिए। वहीं अंदर दो कैमरे और लगाकर छत की तरफ का मूवमेंट भी प्रत्याशियों के प्रतिनिधि को दिखाने के लिए कहेंगे।
अपने लोगों को पहचानों, हर व्यक्ति का रिकार्ड चाहिए
भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि अपने लोगों को पहचानो। रात भर पहरा देने वाले हर व्यक्ति का रिकॉर्ड उन्हें चाहिए। उन्होंने खुद रात में स्र्कने वाले लोगों की पहचान की। मालूम हो, ईवीएम की सुरक्षा पर विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस को संदेह था। अब भाजपा ने संदेह व्यक्त किया है।