
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। काम में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं करने वाले नगर निगम के 150 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों का जून माह का वेतन रोक दिया गया है। कार्रवाई की जद में इंजीनियर, जोनल अधिकारी, वार्ड प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी आए हैं। अब उनका वेतन नगर निगम आयुक्त की मंजूरी के बाद ही जारी होगा।
जानकारी के अनुसार, निगम के कई कर्मचारी अपने काम को लेकर लापरवाह नज़र आ रहे हैं, जिसकी वजह से कई कार्य पिछड़ रहे हैं। इनमें सीवेज और सिविल के कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, जिससे परियोजना प्रभावित हो रही है। इस कारण इन शाखाओं के इंजीनियरों का वेतन रोक दिया गया है।
विभिन्न ज़ोनों में संपत्ति कर और अन्य मदों की राजस्व वसूली भी तय लक्ष्य से काफी कम रही। ऐसे में लक्ष्य हासिल नहीं करने वाले जोनल अधिकारियों और वार्ड प्रभारियों का वेतन भी जारी नहीं किया गया। इसके अलावा दूसरी अन्य शाखाओं में भी काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को भी वेतन नहीं मिला।
वेतन जारी नहीं होने के बाद अब यह कर्मचारी अपना वेतन जारी करने के लिए वित्त विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन वित्त विभाग का कहना है कि निगम आयुक्त की अनुमति के बाद ही वेतन जारी करने पर निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि पिछले दिनों हुई समय-सीमा की बैठक में निगम आयुक्त ने धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है। निगम के इस फैसले को कर्मचारियों में जवाबदेही तय करने और कार्य संस्कृति में सुधार की दिशा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।
इधर, शहर के अन्य हिस्सों में कार्रवाई करते हुए निगम के अतिक्रमण अमले ने संत हिरदाराम नगर दीनदयाल कॉलेज व ईदगाह हिल्स क्षेत्र में नाली पर अवैध रूप से बने एक-एक चबूतरे, कोलार चूना भट्टी, पुष्पा नगर एवं राहुल नगर रोज मैरी स्कूल क्षेत्र से नाली के ऊपर अवैध रूप से रखी फर्शियों को हटवा दिया।
सेकेंड स्टॉप क्षेत्र में आवागमन में बाधक 10 चार पहिया वाहन व 10 लोडिंग ऑटो के साथ ही शहर में विभिन्न जगह फुटपाथ आदि पर लगी सब्जी की दुकानें व दुकानों के बाहर रखा सामान, ठेले, गुमठी, काउंटर भी हटा दिए।
निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तय समय सीमा में लक्ष्य पूरे करने की जिम्मेदारी दी गई है। जिन अधिकारियों के कार्यों में लापरवाही या प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है, उनका वेतन रोका गया है। विकास कार्यों और राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी निर्धारित लक्ष्य पूरे करेंगे और संतोषजनक प्रगति दिखाएंगे, उसके बाद ही उनके वेतन जारी करने पर विचार किया जाएगा।- संस्कृति जैन, आयुक्त, नगर निगम