
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मॉडल अभिनेत्री त्विषा शर्मा की मौत के मामले में आरोपित पति समर्थ सिंह ने जेल में जान को खतरा बताया है। उसकी मांग थी कि उसे सामान्य कैदियों के साथ न रखकर विशेष सुरक्षा वाले सेल में भेज दिया जाए। जेल प्रशासन ने उसे चार बंदी प्रहरियों (सुरक्षा, निगरानी की जिम्मेदारी पर तैनात सजायाफ्ता बंदी) का सुरक्षा घेरा मुहैया कराया है। समर्थ सिंह दो जून से ही भोपाल केंद्रीय जेल में निरुद्ध है।
दरअसल, आरोपित समर्थ सिंह के अधिवक्ता ने न्यायालय में आवेदन देकर कहा कि मुलाकात के दौरान जानकारी मिली थी कि उनके मुवक्किलों समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को जेल के सामान्य बैरक में भेज दिया गया है। इससे उनकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। आरोपितों पर हमले की आशंका जताते हुए उन्हें दोबारा सुरक्षा सेल में रखने की मांग की गई। न्यायालय ने केंद्रीय जेल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी थी। अब जेल प्रशासन की ओर से जेलर ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि आरोपित पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह ने इस तरह की कोई शिकायत नहीं की है।
वहीं, समर्थ सिंह को जेल के 'ब' खंड में रखा गया है। उसकी सुरक्षा के लिए चार बंदी प्रहरियों को तैनात किया गया है। अगली सुनवाई में न्यायालय अपना फैसला सुनाएगी। ग्रेटर नोएडा निवासी त्विषा शर्मा की मौत 12 मई को उसके बाग मुगलिया एक्सटेंसन स्थित ससुराल में हो गई थी। बाद में उसके पति और सास को गिरफ्तार किया गया। सीबीआइ की पूछताछ के बाद दो जून से उन्हें जेल भेज दिया गया, तबसे उनकी जमानत नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें- 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में विपक्ष पर बरसे CM मोहन यादव, कहा- कांग्रेस से जनतंत्र को खतरा
गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। अधिवक्ता अंकुर पांडे ने बताया कि यह मामला एक दिसंबर को कोर्ट नंबर एक में आइटम नंबर आठ पर सूचीबद्ध है।