
Sant Hirdaram Nagar News: संत हिरदाराम नगर ( नवदुनिया प्रतिनिधि )। बैरागढ़ बाजार में स्थापित राष्ट्रपिमा महात्मा गांधी के प्रतिमा स्थल के आसपास के खाली स्थल पर अतिक्रमण हो गया है। आटो स्टैंड की जगह पर भी कब्जा हो गया। स्थाई आटो स्टैंड की कमी महसूस की जा रही है। बाजार में खरीददारी करने आए लोगों को आसानी से आटो नहीं मिल पा रहा है।
शिव मंदिर गोल चक्रा के पास बरसों से आटो स्टैंड लगता था। सड़क चौड़ीकरण के साथ ही इस स्टेंड का अस्तित्व खत्म हो गया। अब आटो चालक अपनी सुविधा से जहां जगह मिलती है वहां खड़े हो जाते हैं। इससे नागरिकांे को भी परेशानी होती है आटो चालक भी परेशान हैं। निर्धारित स्टेंड न होने से सवारियों को भटकना पड़ता है। वर्तमान में केवल बस स्टेंड पर ही स्टापेज निर्धारित है। कुछ आटो शिव मंदिर गोल चक्रा की दीवार से सटकर खड़े होते हैं, इससे दूसरे वाहन चालकों को दिक्कत होती है।
प्रतिमा के पास बन सकता है आटो स्टेंड
चंचल रोड को चौड़ा करने के साथ ही इससे लगे गांधी प्रतिमा स्थल को भी अतिक्रमण मुक्त करने का प्रस्ताव था। नगर निगम चंचल रोड तो चौड़ा कर दिया पर प्रतिमा स्थल से अवैध कब्जे नहीं हटाए। इसे अतिक्रमण मुक्त करआटो स्टैंड बनाया जा सकता है। करीब 10 साल पहले तत्कालीन विधायक जितेंद्र डागा ने गांधी प्रतिमा को संत कंवरराम प्रतिमा के निकट शिफ्ट कर यहां आटो स्टैंड बनाने के निर्देश दिए थे लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका। आटो चालक महेश भाई का कहना है कि मेन रोड पर कम से एक एक स्थाई आटो स्टेंड होना चाहिए। कांग्रेस नेता हरीश मेहरचंदानी एवं भरत आसवानी का कहना है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण हाल ही में किया गया है। नगर निगम ने अवैध कब्जा हटाकर यहां पर आटो स्टेंड बनाना चाहिए।