भोपाल। बरसो रे मेघा-मेघा.., चूड़ी भी जिद पे आई है.., घोड़े जैसी चाल हाथी जैसी दुम, ओ सावन के राजा कहां से आए तुम.., आया सावन झूम के...। सावन के कुछ ऐसे ही गानों पर गर्ल्स ने अपने खूब कदम थिरकाए। मौका था शनिवार को आनंद विहार कॉलेज फॉर विमेन में आयोजित सावन उत्सव का। यहां सभी सावन के रंगों में रंगीं दिखाई दीं। इस मौके पर रंगोली, मेहंदी और सावन के गीतों पर डांस कॉम्पटीशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मधु मिश्रा ने कहा कि छात्राओं के लिए साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियां बहुत महत्वपूर्ण हैं। प्रतियोगिता के दौर में छात्राओं को खुद अपना व्यक्तित्व विकास करने का प्रयास चाहिए। इस मौके पर निशा शर्मा और सुनीता शर्मा जज पैनल शामिल हुईं। कार्यक्रम में वनीता समाज की सदस्यगण समेत स्टूडेंट और कॉलेज स्टॉफ मौजूद था।
थीम पर सजाया कॉलेज
सावन उत्सव के मौके पर 80 से अधिक प्रतिभागियों ने बिंदु और हाथों के उपयोग से आकर्षक रंगोलियां बनाईं। मेहंदी प्रतियोगिता में 40 प्रतिभागियों ने पारंपरिक तथा अरेबिक पैटर्न में कई आकर्षक डिजाइनों से जज पैनल को इम्प्रेस किया। इस मौके पर कॉलेज परिसर सावन की थीम पर हरे और लाल रंग की चुनरियों से सजाया गया था। परिसर में सावन का विशेष आकर्षण फूलों से सजे झूलों के रूप में दिखाई दिया। इस मौके पर सावन के गीतों को गाते हुए प्रतिभागियों ने अपनी सखियों के हाथों पर भी मेहंदी रचाई। प्रतिभागियों ने चटक रंगों के प्रयोग से आकर्षक रंगोलियों को तैयार किया था। प्राकृतिक रचनाओं से प्रेरित रंगोली की आकृतियों में पर्यावरण को बचाने का संदेश भी प्रतिभागियों ने दिया।
ये रहा रिजल्ट
रंगोली
फर्स्ट : पल्लवी पगारे
सेकंड : अमृता सोनी
थर्ड : प्रज्ञा चौबे
मेहंदी (ट्रेडीशनल)
फर्स्ट : मनीषा पटेल
सेकंड : श्वेता वर्मा
थर्ड : वंदना बजाज
मेहंदी (अरेबिक)
फर्स्ट : जयंती चौहान
सेकंड : प्रियंका सविता
थर्ड : मीनाक्षी वर्मा