30 करोड़ के विवाह सहायता घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई; सिरोंज के निलंबित CEO शोभित त्रिपाठी गिरफ्तार
2019 से 2021 के बीच सिरोंज जनपद क्षेत्र में 5,923 विवाह सहायता प्रकरणों में भुगतान किया गया। प्रत्येक मामले में 51 हजार रुपये की सहायता राशि के हिसाब से कुल भुगतान 30 करोड़ 18 लाख 39 हजार रुपये रहा।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 04:42:07 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 05:00:52 PM (IST)
निलंबित सीईओ, शोभित त्रिपाठी। जनपद पंचायत कार्यालय, सिराेंज। नईदुनिया।HighLights
- 5,923 संदिग्ध विवाह सहायता प्रकरणों में सरकारी राशि बांटने का आरोप
- शोभित त्रिपाठी गिरफ्तार, पीएमएलए कोर्ट ने 9 सितंबर तक ईडी कस्टडी में भेजा
- 27 वर्षीय युवक की 3 बेटियों की शादी दिखाकर राशि के भुगतान का मामला
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की विवाह सहायता योजना में कथित फर्जीवाड़े से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन और निलंबित मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) शोभित त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। शोभित त्रिपाठी को पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
ईडी के अनुसार, सिरोंज जनपद पंचायत में वर्ष 2019 से 2021 के बीच विवाह सहायता योजना के तहत 5,923 संदिग्ध मामलों में नियमों का उल्लंघन कर सरकारी राशि वितरित की गई। इन मामलों में प्रत्येक हितग्राही को 51 हजार रुपये की सहायता दी गई और कुल 30 करोड़ 18 लाख 39 हजार रुपये का भुगतान किया गया।
9 सितंबर तक ईडी की हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद शोभित त्रिपाठी को 3 सितंबर को भोपाल की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 9 सितंबर तक ईडी की कस्टडी में भेज दिया है। ईडी यह कार्रवाई सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत कर रही है।
EOW की FIR से शुरू हुई जांच
ईडी की जांच भोपाल आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। ईओडब्ल्यू ने तत्कालीन सिरोंज जनपद सीईओ शोभित त्रिपाठी सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
जांच के मुताबिक, 2019 से 2021 के बीच सिरोंज जनपद क्षेत्र में 5,923 विवाह सहायता प्रकरणों में भुगतान किया गया। प्रत्येक मामले में 51 हजार रुपये की सहायता राशि के हिसाब से कुल भुगतान 30 करोड़ 18 लाख 39 हजार रुपये रहा।
विधानसभा में उठा था मामला
विवाह सहायता योजना में कथित गड़बड़ी का मामला विधानसभा के शीतकालीन सत्र में तत्कालीन सिरोंज भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने उठाया था। तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने तत्कालीन श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह को मामले की जांच के निर्देश दिए थे।
इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आदेश पर शोभित त्रिपाठी को निलंबित किया गया था।
2020 में भी EOW कर चुकी है गिरफ्तारी
शोभित त्रिपाठी कोई ओडब्ल्यू इससे पहले वर्ष 2020 में भी गिरफ्तार कर चुकी है। बताया गया है कि वह करीब डेढ़ साल जेल में रहा था। ईओडब्ल्यू ने सीईओ शोभित त्रिपाठी के साथ ऑपरेटर हेमंत साहू और योगेंद्र शर्मा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था।
27 साल के युवक की तीन बेटियों की शादी का मामला
जांच के दौरान योजना में कई ऐसे संदिग्ध प्रकरण सामने आए, जिनमें कथित तौर पर 27 साल के युवक की तीन बेटियों की शादी दिखाकर उनके नाम पर 51-51 हजार रुपये की सहायता राशि मंजूर कर निकाली गई।
जांच एजेंसी के अनुसार, कुछ ऐसे लोग भी सामने आए जिन्होंने विवाह सहायता योजना के लिए आवेदन ही नहीं किया था। कई हितग्राहियों से संबंधित दस्तावेज भी जांच के दौरान उपलब्ध नहीं मिले।
जांच एजेंसी को आशंका है कि कथित घोटाला सामने आने के बाद भ्रष्टाचार से जुड़े कुछ दस्तावेज गायब किए गए। मामले में ईडी अब सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग, लाभार्थियों के रिकॉर्ड और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।