MP में सड़क हादसों के फर्जी बीमा दावों के लिए SIT बनी, अस्पतालों और बीमा कंपनियों की होगी जांच
सड़क हादसों के फर्जी बीमा दावों की जांच के लिए एमपी डीजीपी ने एसआइटी गठित की है। सीआइडी डीआइजी की अध्यक्षता में यह टीम अस्पतालों और बीमा कंपनियों की भूमिका खंगालेगी।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 07:39:32 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 07:39:32 AM (IST)
MP में सड़क हादसों के फर्जी बीमा दावों के लिए SIT बनी। (एआई जनरेटेड)HighLights
- फर्जी बीमा दावों की जांच के लिए एमपी में एसआइटी गठित।
- सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाणा ने बनाई टीम।
- सीआइडी शाखा के डीआइजी करेंगे विशेष जांच दल की अध्यक्षता।
राज्य ब्यूरो, भोपाल: सड़क दुर्घटनाओं के फर्जी दस्तावेज बनाकर बीमा कंपनियों से दावा राशि हासिल करने के मामलों की जांच के लिए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किया है। इसकी अध्यक्षता पुलिस मुख्यालय की सीआइडी शाखा के डीआइजी करेंगे।
सीआइडी के सहायक महानिरीक्षक (एआइजी), डीएसपी, निरीक्षक और जिलों में दर्ज बीमा संबंधी आपराधिक मामलों के विवेचक भी इसमें सदस्य होंगे। सुप्रीम कोर्ट के 17 अगस्त 2026 के निर्देश के पालन में बनी यह टीम प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दर्ज बीमा धोखाधड़ी के मामलों की जांच की प्रगति पर नजर रखेगी और नए मामलों में अपराध दर्ज कराने का प्रस्ताव दे सकेगी।
संगठित गठजोड़ की जांच और नए अपराध दर्ज करने का अधिकार
- टीम यह भी जांच करेगी कि सड़क हादसों के फर्जी दस्तावेज तैयार करने, मेडिकल रिकार्ड में हेराफेरी और बीमा राशि हासिल करने के लिए अस्पतालों, बीमा कंपनियों के कर्मचारियों या अन्य संबंधित लोगों का कोई संगठित गठजोड़ तो काम नहीं कर रहा है।
- जिन शिकायतों में बड़ी धनराशि की धोखाधड़ी और संबंधित पक्षों की मिलीभगत प्रथम दृष्टया सामने आएगी, उनमें नए अपराध दर्ज करने का प्रस्ताव दिया जा सकेगा। गंभीर मामलों में डीजीपी की मंजूरी के बाद अपराध दर्ज होगा। एसआइटी यह सुझाव भी दे सकेगी कि किसी मामले में अपराध पुलिस मुख्यालय की अपराध अनुसंधान शाखा दर्ज करे या उसे संबंधित जिले को भेजा जाए।