
भोपाल। छोटी झील में रविवार की रात नाव पलटने की घटना में पांच लोगों के मारे जाने की घटना की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं घटना के बाद अवैध रूप से झील में चलने वाली 25 नावों को प्रशासन ने जप्त कर लिया है।
मंत्रालयीन सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को एक बैठक लेकर छोटी झील में हुए हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश किए हैं। साथ ही अधिकारियों को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई गाइड लाइन बनाए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने हादसे में मृत लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं हादसे के बाद जिला प्रशासन ने छोटी और बड़ी झील में अवैध रूप से नाव का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्ती अपनाने का फैसला किया है। छोटी झील से 25 नावों को अवैध रूप से संचालित करने वाली जप्त कर लिया है। इधर हादसे में शिकार पांच लोगों में से जिस एक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, वह मिसरोद क्षेत्र का शुभम नामक युवक निकला। नाव में दो शुभम थे जिनमें से एक झील से सुरक्षित बाहर निकल आया था।