MP में ऑफलाइन होगी शिक्षकों की TET परीक्षा; शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा
शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परीक्षा को ऑफलाइन कराने की घोषणा की; शिक्षक संगठन पहले से परीक्षा का विरोध कर रहे हैं।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 07:15:39 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 07:15:39 PM (IST)
राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 33 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। सौ-जनसंपर्क विभाग मप्र।HighLights
- विशेष टीईटी अब ऑफलाइन आयोजित की जाएगी
- शिक्षक दिवस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की
- शिक्षक संगठन पहले से परीक्षा का विरोध कर रहे हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद पात्रता परीक्षा दिए बिना नियुक्त शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अब ऑफलाइन कराई जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासन अकादमी में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में की।
इस परीक्षा में डेढ़ लाख शिक्षकों को शामिल होना है। शिक्षक संगठन इस परीक्षा का विरोध कर रहे हैं।
सुविधाओं में हो रहा विस्तार- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने, शिक्षकों को सुविधाएं देने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार बदलाव कर रही है।
शिक्षकों के हित में भी लगातार फैसले लिए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शिक्षकों का सम्मान बढ़ाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को देश के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि देश का नक्शा भले ही कागज पर बनता है, लेकिन देश की किस्मत कक्षाओं में बनती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार और शिक्षकों को मिलकर प्रयास करना होगा। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि बदलती वैश्विक जरूरतों और रोजगार के नए अवसरों के अनुरूप शिक्षा में लगातार अपडेट और इनोवेशन जरूरी है।
33 उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला सम्मान
समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 33 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें पिछले वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले दो शिक्षक भी शामिल थे।