
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। शहर के खैरीनाका क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कार चालक ने ट्रैफिक संभाल रहे होमगार्ड को टक्कर मारने का प्रयास किया। रॉन्ग साइड से आ रहे इस कार चालक ने इसी दौरान स्कूटी को टक्कर मारी जिससे युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। युवती के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है।
यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी ने बताया कि भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए होमगार्ड योगेश शर्मा पुराने सोयाबीन प्लांट के पास तैनात थे। नरसिंहपुर से करेली की ओर जा रही तेज रफ्तार ऑल्टो कार (एमपी 20 सीसी 2293) रॉन्ग साइड से पहुंची और जवान को टक्कर मारने का प्रयास किया। उसने पीछे हटकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद ही स्कूटी को टक्कर मारकर कार करीब 50 मीटर आगे जाकर झाड़ियों में घुस गई। कार चालक मौके से फरार हो गया है। स्कूटी चला रहा बासादेही नयाखेड़ा निवासी विक्रम कौरव घायल हुआ है, स्कूटी सवार मुस्कान मेहरा के दोनों पैर फ्रैक्चर हुए हैं।
लोगों ने ऑटो से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।