Sports News: शालेय क्रीड़ा स्पर्धा के लिए भोपाल में 10 निजी व नौ शासकीय विद्यालयों में रुकेंगे बच्चे
टीटी नगर स्टेडियम में 10 से 13 अक्टूबर तक होंगी खेल स्पर्धाएं। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में व्यवस्था करने के दिए निर्देश। संबंधित स्कूलों के विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ी।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 08 Oct 2023 10:38:28 AM (IST)
Updated Date: Sun, 08 Oct 2023 10:38:28 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं को लेकर बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था सरकारी व निजी स्कूलों में की जाती है। इसमें राजधानी के 10 प्रायवेट व नौ सरकारी स्कूलों का जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से चार दिनों के लिए अधिग्रहण किया गया है। इन स्कूलों में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिता में प्रदेश भर से शामिल होने आए विद्यार्थियों के रुकवाने की व्यवस्था की गई है। इससे इन स्कूलों में अध्ययरनत विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं।
स्कूलों में ठहराने से पढ़ाई बाधित, अन्य दिक्कतें भी
स्कूलों में शौचालय की सीमित व्यवस्था होने के कारण पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गंदे शौचालय में जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। साथ ही उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। बता दें, कि स्कूल शिक्षा विभाग के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 10 से 13 अक्टूबर तक टीटी नगर स्टेडियम में रोप स्कीपिंग, स्क्वाश, मार्डन पैथेलान में बालक एवं बालिका वर्ग में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से शामिल होने के लिए विद्यार्थी आज से भोपाल पहुंचने लगेंगे।
पांच दिन के लिए किया अधिग्रहण
इन स्पर्धाओं में प्रदेशभर से कुल एक हजार प्रतिभागियों को शामिल होना है। इन विद्यार्थियों के लिए राजधानी में नए शहर के 10 प्रायवेट स्कूल व नौ सरकारी स्कूलों में ठहरने की व्यवस्था डीईओ की ओर से की गई है। यह अधिग्रहण नौ से 13 अक्टूबर तक के लिए रहेगा। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को इन्हीं स्कूलों में रुकवाया जाएगा।
कई निजी स्कूलों ने खिलाड़ियों को रुकवाने से किया इंकार
वहीं इसमें कई स्कूलों के प्राचार्य अपने यहां खिलाड़ियों को ठहराने से मना भी करते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी का कहना है कि प्रायवेट व सरकारी के जिन स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था है, उन स्कूलों का अधिग्रहण किया गया है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए व्यवस्था पूरी कर ली गई है। बता दें कि इससे पहले जो शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित की गई। उसमें एक निजी स्कूल में खिलाड़ियों को रूकने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भोजन बनाने की बात पर देर रात विवाद की स्थिति बन गई थी। इसके बाद निजी स्कूल अपने यहां खिलाड़ियों को रुकवाने से इंकार कर रहे हैं।