Bhopal SSR 2027: 7 दिन में आए 11,125 फार्म; 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और सुधार का मौका
एसएसआर-2027 के तहत भोपाल संभाग में सात दिन में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए कुल 11,125 फार्म जमा हुए।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 03:07:05 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 03:07:05 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भोपाल संभाग में सात दिनों में कुल 11,125 फार्म प्राप्त
- पांच जिलों में बूथवार विशेष अभियान चलाने के निर्देश
- कम जेंडर रेशो और ईपी रेशो वाले मतदान केंद्रों पर फोकस
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए एसएसआर-2027 के तहत आवेदन आने का सिलसिला तेज हो गया है। भोपाल संभाग में सात दिन के भीतर 5,146 नागरिकों ने नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 जमा किया है। वहीं, नाम हटाने के लिए 1,744 और सूची में संशोधन के लिए 4,235 फार्म-8 जमा हुए हैं। यानी तीनों श्रेणियों में अब तक कुल 11,125 फार्म मिल चुके हैं।
12 नवंबर से शुरू हुआ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 11 दिसंबर तक चलेगा। गुरुवार को संभागायुक्त एवं रोल आब्जर्वर कर्मवीर शर्मा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए इसकी समीक्षा की। उन्होंने भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा और रायसेन के कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदारों को क्षेत्र में भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
कम रेशो वाले बूथों पर विशेष फोकस
संभागायुक्त ने कम जेंडर और ईपी रेशो वाले मतदान केंद्रों की सूची तैयार कर बीएलओ के माध्यम से विशेष अभियान चलाने को कहा। शिफ्टेड और अनुपस्थित मतदाताओं का सत्यापन भी किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और मृत व अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में दर्ज न रहें।
सभी ईआरओ प्रतिदिन फार्म-6, 7 और 8 की जानकारी सूचना पटल पर प्रदर्शित करें और राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक कर प्रगति साझा करें।
जिलावार प्राप्त हुए फार्म 6,7,8 की स्थिति
| जिला | फार्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु) | फार्म-7 (नाम हटाने हेतु) | फार्म-8 (संशोधन हेतु) | कुल आवेदन |
| भोपाल | 1,518 | 330 | 1,503 | 3,351 |
| रायसेन | 437 | 274 | 459 | 1,170 |
| राजगढ़ | 1,558 | 396 | 937 | 2,891 |
| सीहोर | 1,040 | 476 | 775 | 2,291 |
| विदिशा | 593 | 268 | 561 | 1,422 |
| कुल योग | 5,146 | 1,744 | 4,235 | 11,125 |