भोपाल में राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा: सीएम 5.51 लाख गोवंश के लिए जारी करेंगे 60 करोड़
मध्य प्रदेश में गोवंश संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 09:36:42 AM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 09:55:20 AM (IST)
HighLights
- फंड का उपयोग गोशालाओं में बेसहारा और निराश्रित गोवंश के लिए किया जाएगा।
- ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के तहत सम्मानित कर पुरस्कार राशि भी सौंपेंगे।
- प्रदेश की 3 हजार से अधिक गोशालाओं में भी गोवर्धन पूजा की जाएगी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में गोवंश संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गोशालाओं के लिए 60 करोड़ रुपए से ज्यादा की अनुदान राशि जारी करेंगे। इस फंड का उपयोग गोशालाओं में संरक्षित 5 लाख 51 हजार बेसहारा और निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए किया जाएगा।
इसके अलावा, सीएम उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों को ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के तहत सम्मानित कर पुरस्कार राशि भी सौंपेंगे।
संयुक्त तत्वावधान में हो रहा आयोजन
यह वृहद कार्यक्रम संस्कृति विभाग के 'श्रीकृष्ण पाथेय न्यास' और 'पशुपालन एवं डेयरी विभाग' द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। राजधानी के मुख्य आयोजन के साथ-साथ आज पूरे प्रदेश की 3 हजार से अधिक गोशालाओं में भी गोवर्धन पूजा की जाएगी, जहां गोवंश संरक्षण और पशुपालकों के सम्मान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
गोवंश के चारे-पानी के लिए प्रतिदिन 40 रुपए का अनुदान
राज्य सरकार गोवंश के कल्याण, गोशालाओं की स्थिति को सुदृढ़ करने और निराश्रित गोवंश के उचित व्यवस्थापन के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में अब प्रति गोवंश प्रतिदिन 40 रुपए का अनुदान दिया जा रहा है, ताकि पशुपालकों को भी प्रोत्साहन मिल सके।
गौसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति में गोवर्धन पूजा प्रकृति और गोवंश के प्रति आभार व सम्मान जताने का एक महत्वपूर्ण पर्व है। पूरे प्रदेश में मनाए जा रहे इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य गौसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। सरकार के इन प्रयासों और समाज की सक्रिय भागीदारी से आने वाले समय में गोवंश संरक्षण की परंपरा और अधिक मजबूत होगी।