पीएम स्वनिधि योजना में बड़ा बदलाव; स्ट्रीट वेंडर्स को अब लोन के साथ मिलेगा क्रेडिट कार्ड
पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) को तृतीय किस्त के ऋण के अतिरिक्त क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी मिलेगी। योजना के अंतर्गत क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन पत्र संग्रहण में प्रदेश ने देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
Publish Date: Sat, 13 Jun 2026 11:34:44 AM (IST)Updated Date: Sat, 13 Jun 2026 11:34:44 AM (IST)
फोटो एआई से बनाई गई है।HighLights
- पीएम स्वनिधि योजना में अब क्रेडिट कार्ड सुविधा भी मिलेगी
- मध्य प्रदेश आवेदन संग्रहण में देश में दूसरे स्थान पर
- दूसरी किस्त चुका चुके वेंडर्स होंगे पात्र
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शहरी पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) को अब तृतीय किस्त के ऋण के अतिरिक्त क्रेडिट कार्ड सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य छोटे व्यापारियों की वित्तीय पहुंच को मजबूत करना और उनकी कार्यशील पूंजी की जरूरतों को आसान बनाना है।
दूसरे स्थान पर मप्र
क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन संग्रहण में मध्य प्रदेश ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। प्रदेश से अब तक 10 हजार से अधिक आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे जा चुके हैं। इनमें 900 से अधिक आवेदनों का सत्यापन हो चुका है और 500 से ज्यादा हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
कौन होंगे पात्र?
योजना के तहत वे सभी शहरी पथ विक्रेता पात्र होंगे जिन्होंने अपने ऋण की दूसरी किस्त का सफलतापूर्वक पुनर्भुगतान कर दिया है और तीसरी किस्त के लिए पात्र हैं। इसके अलावा वे हितग्राही भी लाभ ले सकेंगे जिन्होंने पहले ही तीसरी किस्त का ऋण प्राप्त कर लिया है तथा जिनका ऋण खाता सक्रिय है या पूरी तरह चुकता हो चुका है।
आवेदन के समय आवेदक की आयु 21 से 65 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है।
ऋण और क्रेडिट कार्ड दोनों का मिलेगा लाभ
यह सुविधा तृतीय किस्त के ऋण से अलग होगी। पात्र हितग्राही अपनी आवश्यकता के अनुसार ऋण, क्रेडिट कार्ड या दोनों सुविधाओं का लाभ एक साथ ले सकेंगे। हालांकि, आवेदक का किसी भी वित्तीय संस्था में एनपीए (निष्पादित परिसंपत्ति) खाता नहीं होना चाहिए।