
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोहेफिजा थाना क्षेत्र के शहीद नगर में बदमाशों ने एक छात्र को घेरकर डंडों से बेरहमी से पीट दिया। मारपीट का वीडियो घटना के सात दिन बाद सामने आया है। हमले में छात्र के कंधे समेत शरीर में कई जगह फ्रेक्चर हुए हैं। इसके बावजूद कोहेफिजा पुलिस ने मामले में सामान्य मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। घटना के करीब एक सप्ताह बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ित हमजा मंगलवारा क्षेत्र स्थित छावनी का रहने वाला है और कॉलेज छात्र है। शहीद नगर निवासी सिकंदर से उसकी दोस्ती थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। 25 सितंबर को हमजा अपने दोस्त के साथ शहीद नगर पहुंचा था। इसी दौरान सिकंदर और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और डंडों से हमला कर दिया। हमजा के साथी के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आया है।