शक्कर 15 रुपये किलो सस्ती: भोपाल में थोक भाव 68 से घटकर 53 और फुटकर 70 से 55 रुपये किलो पर आया
खाद्य विभाग की निगरानी और जमाखोरी पर कार्रवाई से बाजार में शक्कर की उपलब्धता बढ़ी। जिससे शक्कर की कीमत में 15 रुपये तक का अंतर आया है।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 09:07:09 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 09:07:09 PM (IST)
खाद्य विभाग की टीम शक्कर की थोक दुकानों पर निरीक्षण कर स्टाक की जांच करते हुए - विभागHighLights
- 15 रुपये तक सस्ती शक्कर, थोक भाव भी घटे
- निगरानी और जमाखोरी पर कार्रवाई का असर
- 30 दिन से अधिक स्टाक रखने पर रोक
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। त्योहारी सीजन से पहले लगातार तेज हो रही शकर की कीमतों पर अब स्टाक लिमिट का असर दिखाई देने लगा है। बीते 15 से 20 दिनों में शक्कर के दाम करीब 15 रुपये प्रति किलो तक घट गए हैं। थोक बाजार में जहां करीब 15 दिन पहले शकर 68 रुपये किलो तक पहुंच गई थी, वहीं अब 53 रुपये किलो में मिल रही है।
इसी तरह फुटकर भाव 70 रुपये से घटकर करीब 55 रुपये किलो पर आ गया है। यानी थोक और खुदरा दोनों बाजारों में ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
स्टाक पर निगरानी रखने का असर
कारोबारियों के अनुसार स्टाक सीमा तय होने के बाद थोक कारोबारियों पर अतिरिक्त माल रोककर रखने का दबाव कम हुआ है। इससे बाजार में शकर की उपलब्धता बढ़ी और जमाखोरी की संभावना पर अंकुश लगा है।
त्योहारी मांग बढ़ने के बावजूद फिलहाल आवक पर्याप्त है। ऐसे में आने वाले दिनों में भाव स्थिर रहने या कुछ और नरम पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
थोक में 4000, फुटकर में 100 क्विंटल की सीमा
जानकारी के अनुसार थोक कारोबारियों के लिए 4000 क्विंटल और फुटकर कारोबारियों के लिए 100 क्विंटल तक स्टाक की सीमा निर्धारित है।
हालांकि सूत्रों के अनुसार 15 सितंबर तक थोक कारोबारियों की सीमा घटाकर 2000 क्विंटल किए जाने की संभावना है। बाजार में अधिकांश थोक कारोबारियों के पास करीब 1000 क्विंटल तक शकर का स्टाक रहता है।
बता दें कि शकर नियंत्रण आदेश-2026 के अनुसार कोई डीलर शकर प्राप्त होने की तारीख से 30 दिन से अधिक अवधि तक स्टाक नहीं रख सकता। किसी भी समय और स्थान पर 4000 क्विंटल से अधिक शकर का भंडारण प्रतिबंधित है।
शक्कर के बाजार भाव में बदलाव
| बाजार का प्रकार | 15-20 दिन पहले | वर्तमान भाव | अंतर (गिरावट) |
| थोक | ₹68 | ₹53 | ₹15 |
| फुटकर | ₹70 | ₹55 | ₹15 |
नोट - रुपये प्रति किलोग्राम में ।
शक्कर कारोबारियों के लिए नये दिशा-निर्देश मिले हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।इसी संबंध में पिछले दिनों टीम ने शहर के पांच थोक शकर कारोबारियों की दुकानों पर निरीक्षण किया था, जहां स्टाक लिमिट में मिला था।यह निरीक्षण नियमित जारी रहेगा, इसके तहत थोक ही नहीं बल्कि फुटकर कारोबारी, माल आदि का भी स्टाक देखा जाएगा। - चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक