Suicide in Bhopal: किसान ने खेत में लगाई फांसी, जानिए क्या है वजह
ग्राम रतनपुर की घटना। पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट। परिजनों के मुताबिक बीते दो साल से पीठ के असहनीय दर्द से परेशान था किसान।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 06 Apr 2022 12:36:03 PM (IST)
Updated Date: Wed, 06 Apr 2022 12:36:03 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी के नजीराबाद थाना इलाके में पीठ में होने वाले दर्द से परेशान होकर एक किसान ने फांसी लगा ली। वह दो साल से अपने मर्ज का इलाज भी करा रहा था, लेकिन उसे आराम नहीं लग रहा था। हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन शुरुआती पूछताछ में स्वजन ने बताया कि कभी–कभी दर्द असहनीय हो जाता था। संभवत: इस वजह से उसने खेत में लगे पेड़ से रस्सी बांधकर खुदकुशी कर ली।
नजीराबाद थाना पुलिस के मुताबिक कमल पुत्र पन्नालाल (40), ग्राम रतनपुर में परिवार के साथ रहता था। वह पेशे से किसान था। तीन अप्रैल की रात में वह परिवार में बिना किसी को कुछ बताए घर से चला गया था। अगले दिन सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो कमल सिंह घर में नहीं दिखा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गर्इ। इस दौरान गांव के हिम्मत सिंह नाम के व्यक्ति ने कमल सिंह को उसके घर से कुछ दूर खेत में लगे पेड़ से फांसी पर लटके देखा। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शव की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। कमल सिंह विवाहित था। परिवार में पत्नी के अलावा उसके चार बच्चे भी हैं। शोकाकुल होने के कारण पुलिस मृतक के स्वजन के विस्तृत बयान दर्ज नहीं कर सकी है। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि कमल सिंह पिछले दो साल से पीठ में होने वाले दर्द से परेशान था। उसने काफी इलाज कराया, लेकिन उसका मर्ज ठीक नहीं हो रहा था। दर्द के कारण वह रात-रातभर सो भी नहीं पाता था। स्वजन का अनुमान है कि संभवत: असहनीय दर्द से परेशान होकर कमल सिंह ने खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।