MP में ओंकारेश्वर, ओरछा और चित्रकूट का 4500 करोड़ से होगा कायाकल्प; CM का बड़ा एलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 2000 करोड़ रुपये की लागत से चित्रकूट और ओरछा स्थित श्रीरामराजा सरकार मंदिर का विकास किया जा रहा है। ओंकारेश्वर कॉरिडोर पर भी 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 08:26:10 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 08:26:10 AM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को छोटी दीपावली पर चित्रकूट में भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पूजा अर्चना की। सौ-जनसंपर्क विभागHighLights
- चित्रकूट और ओरछा के मंदिरों का कायाकल्प
- दो साल में दुग्ध उत्पादन में नंबर वन बनाने का लक्ष्य
- मेडिकल कॉलेज और रेल कनेक्टिविटी पर जोर
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सीएम हाउस में दीपावली मिलन समारोह में प्रदेशवासियों को दीपावली, गोर्वधन पूजा और भाईदूज पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के महालोक के उद्घाटन के बाद उज्जैन की आर्थिक स्थिति पूरी तरह से बदल चुकी है।
अब 2500 करोड़ रुपये से ओंकारेश्वर कॉरिडोर, 2000 करोड़ रुपये की लागत से चित्रकूट और ओरछा में श्रीरामराजा सरकार के मंदिर का हम कायाकल्प कर रहे हैं।
दुग्ध उत्पादन में नंबर वन बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश दुग्ध उत्पादन में आज देश में तीसरे स्थान पर है, हम अगले दो सालों में प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के मामले में नंबर वन स्टेट बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मप्र नई ऊर्जा से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार खेती और किसानी दोनों के विकास के लिए कटिबद्ध होकर प्रयासरत है।
ग्रामीणों को मिला अधिकार
मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली आबादी को उनकी संपत्ति का पक्का अधिकार मिल रहा है। मुरैना जिले के एक गांव में पहली बार अपनी संपत्ति के पक्के अधिकार की कार्यवाही पूर्ण होने पर ग्रामीणजन भावुक हो गए।
मंडला एवं बालाघाट में भी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया जा रहा है, इसी सत्र से यहां प्रवेश दिया जाएगा।
यातायात सुविधाओं में विस्तार
प्रदेश के धार और झाबुआ तक रेल लाइन पहुंची है। राज्य के प्रत्येक जिले, संभाग और छोटे शहरों को भी औद्योगिक विकास से जोड़ा जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सचिवालय के एसीएस नीरज मंडलोई, सचिव परिवहन एवं आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं संचालक जनसंपर्क अरविंद दुबे सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।