MP TET Exam: 20 दिसंबर को परीक्षा, प्रदेश के 34 हजार शिक्षक हाेंगे शामिल
मध्य प्रदेश के 34 हजार सेवारत शिक्षकों के लिए सुबह 11 बजे से जिला मुख्यालयों पर परीक्षा आयोजित होगी। माशिमं ने जारी किया आदेश।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 02:53:33 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 02:53:33 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- मप्र में 20 दिसंबर को होगी टीईटी
- 40 हजार शिक्षकों की पदोन्नति अटकी
- 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों के सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने मंगलवार को परीक्षा आयोजन को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं।
परीक्षा सुबह 11 बजे से जिला मुख्यालयों पर निर्धारित केंद्रों में होगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश माशिमं की ओर से अलग से जारी किए जाएंगे।
40 हजार शिक्षकों की पदोन्नति अटकी
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश के करीब डेढ़ लाख सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी आयोजित की जा रही है। 34 हजार शिक्षकों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इनमें करीब 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षकों की संख्या को देखते हुए जिला मुख्यालयों पर परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं, करीब 40 हजार शिक्षकों की पदोन्नति टीईटी के कारण अटकी हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि टीईटी उत्तीर्ण करने वाले शिक्षक ही पदोन्नति के लिए पात्र होंगे।
वेबसाइट पर माडल प्रश्नपत्र अपलोड
स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की तैयारी के लिए टीईटी के माडल प्रश्नपत्र भी तैयार कराए हैं। इन्हें विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। शिक्षक इन मॉडल प्रश्नपत्रों के माध्यम से परीक्षा के पैटर्न और प्रश्नों की प्रकृति को समझकर तैयारी कर सकेंगे।
2005 से 2009 के शिक्षकों पर अभी संशय
परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों की वास्तविक संख्या को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। वर्ष 2005 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों ने कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी- पूर्व में व्यापमं) की भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उस समय भर्ती परीक्षा के मानक और एनसीटीई के मानकों में अंतर था।
इस मामले में स्कूल शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में पीटिशन लगाई है। न्यायालय के निर्णय के बाद ही तय होगा कि इन शिक्षकों को टीईटी से छूट मिलेगी या नहीं। छूट मिलने पर परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की संख्या करीब 70 हजार रह सकती है।
शिक्षक संगठन ने जताई नाराजगी
अध्यापक संयुक्त मोर्चा के सदस्य राकेश पटेल का कहना है कि 2005, 2008 और 2011 में व्यापमं से परीक्षा उत्तीर्ण करीब 75 हजार शिक्षकों को टीईटी से छूट देने की मांग की जा रही है। सरकार और शिक्षकों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई गई है।
उनका कहना है कि निर्णय होने तक शिक्षक असमंजस में हैं। संगठन का दावा है कि शिक्षक शीतकालीन सत्र के दौरान नई दिल्ली में एकजुट होकर अपनी मांग उठाएंगे।
टीईटी के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। 20 दिसंबर को 34 हजार शिक्षकों के लिए जिला मुख्यालयों पर परीक्षा आयोजित होगी। - बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं