
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई का शुभारंभ गुलाम मानसिकता से मुक्ति का पर्व होगा। मध्य प्रदेश नया इतिहास रचने जा रहा है। 16 अक्टूबर रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल के लाल परेड मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई का शुभारंभ करने के साथ एमबीबीएस प्रथम वर्ष की हिंदी की पुस्तकों का विमोचन करेंगे। इस मौके पर एमबीबीएस प्रथम वर्ष की हिन्दी पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए वातावरण निर्माण की गतिविधियां आज से प्रारंभ की जाएंगी। सभी जिलों में हिंदी में ज्ञान का प्रकाश कार्यक्रम होंगे।
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की प्रेरणा से मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बनने जा रहा है, जहां मेडिकल की पढ़ाई हिन्दी में भी होगी।
16 अक्टूबर को मा.श्री @AmitShah जी मध्यप्रदेश पधार रहे हैं, जिनके कर कमलों से मेडिकल की हिन्दी किताबों का विमोचन होगा। #MP_में_हिंदी_में_MBBS pic.twitter.com/tEtjF1R867
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) October 14, 2022
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उधा शिक्षा तक भारतीय भाषाओं को पढ़ाई का माध्यम बनाने का ऐतिहासिक काम किया है। विश्व पटल पर हमारी प्रतिभाएं अपनी मातृ भाषा से स्थापित हो सकें, इसी उद्देश्य से मध्य प्रदेश में चिकित्सा एवं अभियांत्रिकी की शिक्षा हिंदी माध्यम से देने की पहल की गई है।
इससे हिन्दी माध्यम से अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलों में शनिवार को हिंदी प्रेमी सम्मेलन हों। सभी स्कूल, कालेजों में हिंदी में ज्ञान के प्रकाश कार्यक्रम में संगोष्ठियां तथा अन्य गतिविधियां की जाए। शाम को भोपाल सहित सभी जिलों के प्रमुख स्थानों पर दीपक प्रज्जवलित किए जाएं। सभी शिक्षण संस्थाओं में रविवार के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हो और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को वर्चुअली जोड़ा जाए।
मातृ भाषा में ही हो सकता है प्रतिभा का सहज प्रकटीकरण
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम संदेश में कहा कि बच्चे जन्म लेते ही मातृभाषा सीखने लगते हैं। प्रतिभा का सहज प्रकटीकरण मातृ भाषा में ही हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मातृ भाषा में ही प्राथमिक और उच्च शिक्षा देने का संकल्प प्रकट किया।
उनके संकल्प की सिद्धी के लिए और वो बच्चे जो अंग्रेजी न समझने के कारण प्रतिभावान होने के बाद भी पीछे रह जाते हैैं, उन्हें मेडिकल शिक्षा हिंदी में देने के प्रयास प्रारंभ किए। हमने चिकित्सा शिक्षा की पढ़ाई हिंदी में देने के लिए पुस्तकें तैयार कर दी हैं। यह मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि हिंदी में चिकित्सा शिक्षा और अभियांत्रिकी की पढ़ाई करने वाला पहला राज्य बना है।
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर बदली डीपी
हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई के शुभारंभ कार्यक्रम को देखते हुए प्रदेश में हिंदी को लेकर उत्साह और गौरवमयी वातावरण निर्मित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने इंटरनेट मीडिया (ट्विटर) अकाउंट पर मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में प्रारंभ करने वाला देश का पहला राज्य मध्य प्रदेश की थीम पर डीपी लगाई। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग सहित मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों ने भी इसी थीम पर डीपी लगाई।
