भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। आदर्श योग आध्यात्मिक केंद्र मैं बुद्ध पूर्णिमा के उपलक्ष में साधकों को योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर योग गुरु महेश अग्रवाल कहा कि आत्म ज्ञान प्राप्त करने की सर्वोत्तम विधि है ध्यान, आज हम सब संकल्प लें योग करके बुद्ध हो जानने का।
योग गुरु अग्रवाल ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध के बारे में बताया भगवान बुद्ध दुनिया का एक रहस्य हैं।भगवान बुद्ध ने चेतना के शिखर को छुआ एवं पूरा जीवन सत्य की खोज और निर्वाण को प्राप्त करने में लगा दिया, उन्होंने मानव मनोविज्ञान और दुःख के हर पहलू पर कहा और उसके समाधान बताए ।वे केवल 'एशिया की ज्योति' ही नहीं थे, अपितु सारे ‘संसार की ज्योति' थे। मानवता के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक उन्नयन के लिए उनका अवधान महान् तथा अपरिमेय है। उनके जीवन एवं उपदेशों ने लोगों के दैनंदिन जीवन तथा चिन्तन को प्रभावित किया है।
योग में भी मोक्ष प्राप्ति के लिए साधना ही मुख्य है
अग्रवाल ने कहा कि योग भारतवर्ष में प्राचीनतम विधा है। यह विश्व को भारत की अमूल्य देन है। बौद्ध धर्म का जन्म और विकास भी भारत में ही हुआ। बौद्ध धर्म में साधना विधि का मुख्य रूप से वर्णन किया गया है। योग में भी मोक्ष प्राप्ति के लिए साधना ही मुख्य है। योग और बौद्ध धर्म दोनों ही जन्म-मरण के चक्र की समाप्ति मानते हैं। अतः योग और बौद्ध धर्म दोनों ही सिद्धांतों में समानता है। योग और बौद्ध धर्म दोनों में ही इस बात पर बल दिया है कि मानसिक प्रशिक्षण के लिए शारीरिक एवं स्वास्थ्य संबंधी अवस्थाओं का अनुकूल होना आवश्यक है। इस क्रिया से शरीर को वश में करना और ज्ञान की प्राप्ति के लिए तैयार करना है।
योग के अष्टांग योग की भांति, बौद्ध साधना में भी निर्वाण के लिए अष्टांग मार्ग का वर्णन है, जिसमें यम और नियम का भी समावेश है। बौद्ध साधना का अष्टांगिक मार्ग है, सम्यक दृष्टि अर्थात आर्य-सत्य का ज्ञान। सम्यक संकल्प अर्थात राग, द्वेष, हिंसा तथा संसारी विषयों के परित्याग के लिए दृढ़ निश्चय। सम्यक वाक अर्थात मिथ्या, अनुचित तथा दुर्वचनों का परित्याग एवं सत्य वचन की रक्षा। सम्यक कर्मांत अर्थात हिसां परद्रव्य का अपहरण, वासना-पूर्ति की इच्छा का परित्याग कर अच्छा कर्म करना। सम्यक आजीव अर्थात न्यायपूर्ण जीविका। सम्यक व्यायाम अर्थात बुराई का नाश कर अच्छे कर्म के लिए उद्यत रहना। सम्यक स्मृति अर्थात लोभ आदि को रोककर चित्तशुद्धि। अग्रवाल ने कहा कि हम सबको बुध के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।