
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। काबीना मंत्री विजय शाह ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति भारिया, सहरिया और बैगा के एक-एक गांव को सरकार आदर्श बनाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भारिया जनजाति में जन्मदर की कमी पर विभाग द्वारा विशेषज्ञों से अध्ययन कराकर शोध रिपोर्ट बनवाई जाए।
बैगा जनजाति के लिए उमरिया में, सहरिया के लिए शिवपुरी और भारिया जनजाति के लिए छिंदवाड़ा में विशेष विद्यालय प्रारंभ किए जाएं। पातालकोट के भारिया बहुल ग्रामों के समग्र विकास के लिए ठोस कार्य करें।
मंत्री शाह मंगलवार को मंत्रालय में हुई जनजातीय कार्य विभाग की विभागीय परामर्श समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ब्लाक मुख्यालय पर जो कालेज बने हैं वहां जनजातीय क्षेत्र के ग्रामों से विद्यार्थियों को आने के लिए बस सुविधा प्रारंभ की जाए। जनजातीय वर्ग के जो फर्जी जाति प्रमाण पत्र बने हैं, उन पर शीघ्रता पूर्वक जांच पूरी करने की आवश्यकता है।
बैठक में मंत्री शाह द्वारा अपने क्षेत्र में जनजातीय समाज की कालेज जाने वाली छात्राओं के लिए प्रारंभ की गई बस सुविधा और विभिन्न कन्या छात्रावासों का नामकरण रानी दुर्गावती और शबरी माता के नाम पर किए जाने की सराहना की गई।
बैठक में विधायक कुंवर सिंह टेकाम, जयसिंह मरावी, फुंदेलाल सिंह मार्को, गंगा सज्जन सिंह उइके, राजन मंडलोई तथा प्रमुख सचिव गुलशन बामरा एवं आयुक्त तरुण राठी उपस्थित थे। बैठक में सुझाव दिया गया है कि छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए चादर व अन्य सामग्री की राशि डीबीटी के माध्यम से न देकर सामग्री प्रदान की जाए।
छात्रावासों और आश्रमों में अधीक्षकों की पृथक से भर्ती कर शिक्षकों को अध्यापन कार्य में संलग्न करें। वनवासियों को भूमि पट्टे पर देने में सेटेलाइट इमेज को प्रूफ के तौर पर मान्य किए जाने के लिए भी मंत्री शाह की पहल को सराहा गया।
यह भी पढ़ें- इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को हाई कोर्ट का झटका, मुआवजा न लेने वाले किसानों की जमीन के कब्जे पर लगाई रोक
मंत्री शाह ने कहा कि सभी संभागीय अधिकारी विधायकों और कलेक्टर के साथ संयुक्त बैठक कर जनजातीय कार्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं और आवश्यकताओं पर निर्णय लें। मंत्री शाह शीघ्र ही अंतिम सिरे के जिले सीधी जाकर इस संबंध में बैठक लेंगे।