भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-पांच की तरफ भी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराने लगा है। इसको लेकर यात्रियों में उत्साह का माहौल है। स्टेशन के इस ओर से होकर गुजरने वाले यात्री तिरंगे के साथ सेल्फी ले रहे हैं और इंटरनेट मीडिया पर साझा कर रहे हैं। कुछ यात्रियों ने तिरंगे का वीडियो बनाकर खुशी जाहिर की है।
रेलवे प्रबंधन द्वारा मुख्य भवन के सामने पार्किंग परिसर में तिरंगा लहराया गया है। यह तिरंगा 100 फीट की ऊंचाई पर लहरा रहा है। विश्व स्तरीय सुविधा वाले स्टेशन की शान और बढ़ गई है। स्टेशन के प्लेटफार्म-एक की तरफ लोकार्पण के पूर्व ही तिरंगा लहराया जा चुका था। बता दें कि रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को पुन: विकसित किया है। यह काम निजी डेवलपर बंसल पाथ-वे हबीबगंज प्राइवेट लिमिटेड ने सार्वजनिक निजी भागीदारी के तहत किया है। स्टेशन पर रेलवे ट्रैक के उपर बड़ा फुट ओवर ब्रिज बनाया है जिसे एयर कांकोर कहते हैं। इस पर बच्चों के लिए मिनी ट्रेन सुविधा, किड्स जोन, खानपान के लिए स्टाल, प्लेटफार्म पर उतरने के लिए ऐस्केलेटर, ट्रेवलेटर है। रानी कमलापति पहला ऐसा स्टेशन है जहां रेलवे ट्रैक के ऊपर एयर कांकोर है। इस पर 900 से 1100 यात्री आराम कर सकते हैं। यहां एलईडी स्क्रीन लगी हैं जिस पर यात्रियों को सूचनाएं मिल रही हैं।
स्टेशन पर यह सुविधाएं भी उपलब्ध
- प्लेटफार्मों पर वाटर बूथ की संख्या बढ़ा दी है। एक बूथ में चार टोटियां लगी हैं। इनमें दिव्यांग यात्री भी खुद से पानी ले सकते हैं। ये प्लेटफार्मों पर कम स्थान घेरते हैं। पूर्व में प्लेटफार्मों पर बड़े आकार के सीमेंट के स्ट्रक्चर थे जिनमें टोलियां लगी होती थी। आसपास पानी भरा हुआ रहता था मच्छर के प्रकोप से यात्री परेशान होते थे। स्टेनलैस स्टील के वाटर बूथ बहुत ही कम स्थान घेरते हैं। प्लेटफार्मों पर यात्रियों के लिए अतिरिक्त जगह मिल रही है।